Skip to content

UK में अवैध घुसपैठ पर कसेगी लगाम, ऋषि सुनक जल्द लाएंगे नया कानून

ऋषि सुनक ने अवैध रूप से घुसपैठ करने वालों को चेतावनी दी कि कोई गलती न करें। अगर आप यहां गैरकानूनी तरीके से आएंगे तो यहां पर रह नहीं पाएंगे। दरअसल यूके का कानून अवैध रूप से घुसने वालों को कुछ समय तक शरणार्थी की तरह रहने की इजाजत देता है। लेकिन अब ये छूट खत्म होने जा रही है।

प्रधानमंत्री ऋषि सुनक

युनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने अवैध प्रवासियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि गैरकानूनी तरीके से सीमा पार करके देश में घुसने वाले हर प्रवासी को वह निकाल बाहर करेंगे। उन्हें देश में शरण लेने की इजाजत भी नहीं दी जाएगी। इस दिशा में यूके सरकार जल्द ही नया कानून बनाने की तैयारी में है।

ऋषि सुनक ने यूरोप में अवैध प्रवासियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर रविवार को ये अहम ऐलान किया। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सुनक सरकार अवैध आव्रजन पर नकेल कसने वाले कानून को इसी सप्ताह के आखिर तक आगे बढ़ा सकती है। इसके तहत नाव के जरिए इंग्लिश चैनल पार करके ब्रिटेन में घुसने की कोशिश करने वालों को खासतौर से रोका जाएगा।

रिपोर्ट के अनुसार नए कानून में गृह मंत्री को यह जिम्मेदारी दी जाएगी कि वह रवांडा या सुरक्षित समझे जाने वाले किसी तीसरे देश में छोटी नावों में बैठकर आने वाले अवैध प्रवासियों को जल्द से जल्द बाहर करें और उन्हें फिर से देश में आने पर स्थायी प्रतिबंध लगाएं।

सुनक ने अवैध प्रवासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चेतावनी दी कि कोई गलती न करें। अगर आप यहां गैरकानूनी तरीके से आएंगे तो यहां पर रह नहीं पाएंगे। अवैध प्रवासन ब्रिटिश करदाताओं पर एक चोट की तरह है। अपराधी गैंगों को नावों के जरिए लोगों को यहां पर गैरकानूनी तरीके से भेजने की छूट नहीं दी जाएगी।

दरअसल यूके का कानून अवैध रूप से देश में घुसने वालों को शरणार्थी की तरह रहने का दर्जा देने की इजाजत देता है। मतलब ये कि जब तक अवैध घुसपैठ का केस चलता है, लोगों को देश में रहने की छूट मिलती है। लेकिन अब इस छूट को खत्म करने की तैयारी है। देखना होगा कि सुनक सरकार इस समस्या पर किस तरह लगाम लगाएगी।

Comments

Latest