विमान में सफर के दौरान शराब पीकर हंगामा करने और बदसलूकी करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा घटना दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट में हुई है। दुबई में काम करने वाले दो लोगों ने मुंबई आते वक्त ड्यूटी फ्री शॉप से शराब खरीदी और आधी बोतल खत्म कर दी। आरोप है कि उसके बाद उन्होंने यात्रियों से गाली गलौच की, क्रू मेंबर्स से बदसलूकी की। विमान उतरने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
खबरों के अनुसार इन दोनों यात्रियों के नाम दत्तात्रेय बापरेडकर (47) और जॉन जी डिसूजा (49) हैं। दत्तात्रेय महाराष्ट्र के कोल्हापुर के और जॉन मुंबई में नालासोपारा के रहने वाले हैं। दोनों दुबई में एक साल काम करने के बाद घर लौट रहे थे। घर वापसी की खुशी में दोनों ने दुबई में ड्यूटी फ्री शॉप से शराब खरीदी। विमान उड़ने के तुरंत बाद ही दोनों ने बोतल खोल ली और पैग लगाने शुरू कर दिए। इस पर बराबर में बैठ यात्रियों ने आपत्ति जताई तो दोनों नाराज हो गए और कथित तौर पर गालियां देने लगे।
एयरलाइन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि हंगामा होने के बाद बापरडेकर उठकर आखिरी लाइन की सीट पर चले गए और चेतावनी के बावजूद शराब पीते रहे। डिसूजा ने अपनी ही सीट पर बैठकर शराब पीना जारी रखा। जब एक केबिन क्रू मेंबर ने उनकी बोतलें ले लीं तो दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की। नशे की हालत में खूब हंगामा किया, बदतमीजी की।
मुंबई में जैसे ही विमान उतरा, दोनों को सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया। उनके खिलाफ नजदीकी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बताया जाता है कि इस साल मुंबई आने वाली फ्लाइट में यह इस तरह का 7वां मामला है। 4 मार्च को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ्लाइट में एक यात्री ने शराब के नशे में पेशाब कर दिया था। उससे पहले भी ऐसी एक घटना हुई थी।