Skip to content

5 लाख विदेशी पर्यटकों को घूमने के लिए नकद राशि और तमाम छूट देगा ये देश

ताइवान सरकार ने कोरोना महामारी से पस्त पर्यटन उद्योग में नई जान डालने के इरादे से विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ाने के लिए 5.3 बिलियन ताइवानी डॉलर (करीब 14 अरब रुपये) की योजना बनाई है। इसके तहत 5 लाख विदेशी पर्यटकों को 5-5 हजार ताइवानी डॉलर नकद दिए जाएंगे।

Photo by Timo Volz / Unsplash

ताइवान ने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नई योजना का ऐलान किया है। इसके तहत इस साल 5 लाख पर्यटकों को घूमने-फिरने के लिए नकद राशि या अन्य तरह की छूट दी जाएंगी। सरकार ने हरेक पर्यटक को 5 हजार ताइवानी डॉलर यानी लगभग 13500 रुपये देने की घोषणा की है।

ताइवान सरकार ने कोरोना महामारी से पस्त पर्यटन उद्योग में नई जान डालने के इरादे से विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ाने के लिए 5.3 बिलियन ताइवानी डॉलर (करीब 14 अरब रुपये) की योजना बनाई है। इसमें से 2.5 बिलियन ताइवानी डॉलर पर्यटकों के समूहों के लिए अलग रखे गए हैं। इस रकम 90 हजार टूर ग्रुपों को 20-20 हजार ताइवानी डॉलर की छूट और भत्ते प्रदान की जाएगी।

ताइवान के प्रीमियर चेन चिएन-जेन ने इस योजना की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य साल 2023 में 60 लाख पर्यटकों को आकर्षित करना है। 2024 में इस आंकड़े को दोगुना करना और 2025 तक 10 मिलियन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

परिवहन मंत्री वांग कुओ-त्साई ने कहा कि नकद राशि का भुगतान डिजिटली किया जाएगा। पर्यटक इस रकम का इस्तेमाल ताइवान में ठहरने और अन्य खर्चों के लिए कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य जापान, दक्षिण कोरिया, दक्षिण-पूर्व एशिया, हांगकांग और मकाओ के साथ-साथ यूरोप और अमेरिका जैसे प्रमुख देशों से पर्यटकों को ताइवान की यात्रा करने के लिए आकर्षित करना है।

ताइवान टूरिज्म ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2022 में देश में 9 लाख कम पर्यटक आए थे। इनमें भी वियतनाम, इंडोनेशिया, जापान और अमेरिका से सबसे ज्यादा टूरिस्ट पहुंचे थे। इससे पहले 2019 में ताइवान में रिकॉर्ड 1.18 करोड़ अंतरराष्ट्रीय पर्यटक पहुंचे थे।

ताइवान दुनिया के ऐसे चुनिंदा देशों में शामिल है, जहां कोरोना के बाद सबसे ज्यादा लंबे समय तक सीमाएं बंद रखी गई थीं। इस द्वीपीय देश ने अक्टूबर 2022 में देश में प्रवेश संबंधी प्रतिबंध हटाए थे।

Comments

Latest