Skip to content

नशे में एयरहोस्टेस को छेड़ा, गालियां दीं; मुंबई में स्वीडिश नागरिक गिरफ्तार

पिछले तीन महीने के अंदर भारतीय एयरलाइंस में फ्लाइट के अंदर बदसलूकी के आरोप में यह 8वें यात्री की गिरफ्तारी है। पिछले साल 2022 मे पुलिस ने छह लोगों को ऐसे ही आरोपों में गिरफ्तार किया था। विमान में छेड़छाड़ का यह 2017 से लेकर 2023 तक 5वां मामला है।

Photo by Rudraksha Banjhal / Unsplash

फ्लाइट में बदसलूकी की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब आरोप है कि बैंकाक से मुंबई जा रही फ्लाइट में स्वीडन के एक नागरिक ने कथित तौर पर नशे की हालत में एयरहोस्टेस से छेड़छाड़ कर दी। पूरी यात्रा के दौरान वह गालियां देता रहा। यही नहीं, पास बैठे यात्री से भी दुर्व्यवहार किया। मुंबई एयरपोर्ट पर उतरते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्वीडन के 62 वर्षीय नागरिक की पहचान क्लास एरिक हेराल्ड जोनास वेस्टबर्ग के रूप में हुई है। विवाद की शुरुआत इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में उस समय हुई, जब एयरहोस्टेस ने खाना सर्व किया। आरोपी सी फूड मांग रहा था, लेकिन एयरहोस्टेस ने बताया कि विमान में सी फूड नहीं है, तब उसने एक चिकन डिश ली।

आरोप है कि एयरहोस्टेस जब पेमेंट के लिए पीओएस मशीन लेकर उसके पास पहुंची तो उसने कार्ड स्वाइप करने के बहाने उसे गलत तरीके से छुआ। एयरहोस्टेस ने इस पर आपत्ति की तो वह खड़ा होकर हंगामा करने लगा। उस समय वह नशे में था।

एयरहोस्टेस ने पुलिस को बताया कि उसके साथ छेड़छाड़ करने के बाद आरोपी ने अन्य स्टाफ और यात्रियों के साथ भी बुरा बर्ताव किया। इसके बाद उसे रेड वॉर्निंग कार्ड दिखाया गया। मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी के बाद उसे मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 20 हजार रुपये के मुचलके पर उसे जमानत मिल गई।

हालांकि आरोपी के वकील ने दावा किया कि उसे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं और उसका शरीर कांपता है। बिना सहारा लिए वह कोई भी चीज पकड़ नहीं सकता है। उसने पेमेंट करने के लिए पीओएस मशीन पकड़ने की कोशिश की थी, इसी दौरान केबिन क्रू से टच हो गया। उसने जानबूझकर नहीं छुआ था।

बता दें कि पिछले तीन महीने के अंदर भारतीय एयरलाइंस में फ्लाइट के अंदर बदसलूकी के आरोप में यह 8वें यात्री की गिरफ्तारी थी। पिछले साल 2022 मे पुलिस ने छह लोगों को ऐसे ही आरोपों में गिरफ्तार किया था। विमान में छेड़छाड़ का यह 2017 से लेकर 2023 तक 5वां मामला है।

Comments

Latest