Skip to content

ऋषिकेश में योग-अध्यात्म पर हो रहा विशेष महोत्सव, ऐसे ले सकते हैं हिस्सा

एक सप्ताह की इस अवधि में 70 घंटों तक योग कक्षाएं होंगी। ये योग कक्षाएं विश्व स्तरीय योग शिक्षकों द्वारा ली जाएंगी। कक्षाओं में योग की अन्य शैलियों के अलावा कुंडलिनी योग, शक्ति विन्यास योग, अयंगर योग और क्रिया योग शामिल होंगे।

Photo by kike vega / Unsplash

दुनिया के लिए योग की राजधानी कहे जाने वाले ऋषिकेश में एक हफ्ते के लिए वार्षिक योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। ऋषिकेश के सबसे बड़े आश्रम परमार्थ निकेतन आश्रम में होने वाले इस महोत्सव की शुरुआत 8 मार्च से हो रही है जो एक सप्ताह यानी 14 मार्च तक चलेगा। इसमें दुनिया भर से हजारों की संख्या में लोग हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं।

इस योग महोत्सव में दुनिया भर के विभिन्न योग शिक्षकों, आध्यात्मिक नेताओं और कल्याण विशेषज्ञों का जमावड़ा होगा। यदि आप इस योग महोत्सव में शामिल होना चाहते हैं तो आप एक दिन के लिए भी शामिल हो सकते हैं। इसकी कीमत 75 डॉलर है। परमार्थ निकेतन आश्रम में यह महोत्सव हर साल आयोजित किया जाता है। इसमें पूरे भारत समेत दुनियाभर से हजारों की संख्या में लोग योग सीखने के लिए आते हैं।

इस योग महोत्सव में शामिल होने के लिए कई श्रेणियों में पास मुहैया कराए जाते हैं। Photo by Rahul Mishra / Unsplash

जानकारी के अनुसार एक सप्ताह की अवधि में 70 घंटों तक योग कक्षाएं होंगी। ये योग कक्षाएं विश्वस्तरीय योग शिक्षकों द्वारा ली जाएंगी। कक्षाओं में योग की अन्य शैलियों के अलावा कुंडलिनी योग, शक्ति विन्यास योग, अयंगर योग और क्रिया योग शामिल होंगे। कई आध्यात्मिक गुरुओं के सत्संग और प्रवचन भी होंगे।

योग महोत्सव में शामिल होने के लिए कई श्रेणियों में पास मुहैया कराए जाते हैं। मध्य स्तरीय आवासीय पास की कीमत प्रति व्यक्ति 650 डॉलर होती है। यदि आप ग्रुप में जाते हैं तो यह कीमत छूट के साथ 585 डॉलर प्रति व्यक्ति हो जाती है। इसके बाद आंगन कक्ष आवासीय पास की कीमत प्रति व्यक्ति 550 डॉलर है जबकि ग्रुप में 495 डॉलर है। गैर-आवासीय पास की कीमत 450 डॉलर है और ग्रुप में कीमत 405 डॉलर है। भारतीयों की बात करें तो यह कीमत प्रति व्यक्ति 300 डॉलर है।

Comments

Latest