कनाडा-भारत के बीच चल रहे विवाद के चलते खालिस्तानी समर्थक पंजाबी-कनाडाई शुभ उर्फ शुभनीत सिंह का शो भारत में रद्द कर दिया गया है। आने वाले दिनों में रैपर शुभ के भारत के कई शहरों में शो होने वाले थे। शुभ के शो रद्द करने के पीछे वजह उनके द्वारा सोशल मीडिया पर जम्मू-कश्मीर और पंजाब के बिना भारत का एक विकृत नक्शा बताया जा रहा है।
भारत में शुभ के 'Still Rollin tour' का आयोजन करने वाली कंपनी BookMyShow ने कहा है कि इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। जिन लोगों ने टिकट खरीदे हैं उन्हें रिफंड मिलेगा। कंपनी ने आगे लिखा है कि गायक शुभनीत सिंह का 'Still Rollin tour for India' रद्द कर दिया गया है। BookMyShow ने उन सभी उपभोक्ताओं के लिए टिकट की राशि रिफंड करनी शुरू कर दी है जिन्होंने टिकट का भुगतान किया था। रिफंड 7-10 दिन के भीतर आपके पास होगा। बता दें कि शुभ का इस साल भारत के 10 अलग-अलग शहरों में शो था, जिसे BookMyShow द्वारा प्रायोजक किया गया था।

आपको बता दें कि शुभ के इस शो के लिए BookMyShow को भारतीयों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा था। माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स पर #UninstallBookMyShow भी ट्रेंड कराया गया था। एक दिन पहले ही भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Boat ने भी शुभ के इस शो के लिए दी गई स्पांसरशिप को रद्द करने का फैसला लिया है। एक्स पर चल रही आलोचनाओं के बीच क्रिकेटर विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया ऐप इंस्टाग्राम पर शुभ को अनफॉलो कर दिया था।
मालूम हाे कि शुभ कनाडा स्थित पंजाबी रैपर है, जो अपने गाने 'Still Rollin' के इंस्टाग्राम रील्स पर बड़ी संख्या में स्ट्रीम होने के कारण मशहूर हुआ था। शुभ ने अपना ब्रेकआउट सिंगल We Rollin 2021 में रिलीज किया था जिसे अभी तक 201 मिलियन से अधिक लोगों ने यूट्यूब पर देखा है। इस गाने के बाद शुभ ने Still Rollin जारी किया था।
मालूम हो कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद यह प्रतिक्रिया आ रही हैं। ट्रूडो ने न सिर्फ भारत पर आतंकवादी निज्जर सिंह को मारने का आरोप लगाया है बल्कि भारत के वरिष्ठ राजनयिको को भी देश से निष्कासित कर दिया है। हालांकि इस क्रिया के बाद भारत ने भी बयान को सफेद झूठ बताते हुए कनाडाई राजनायिक को निष्कासित करते हुए 5 दिन के भीतर भारत से निकलने के लिए कहा है।