Skip to content

ग्लोबल मिलेट्स सम्मेलन की भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की शुरुआत, कही ये बड़ी बात

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के प्रस्ताव और प्रयासों के बाद ही संयुक्त राष्ट्र ने 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष घोषित किया है। आज विश्व ‘इंटरनेशनल मिलेट ईयर’ मना रहा है जिसकी अगुवाई भारत कर रहा है। ‘ग्लोबल मिलेट्स कॉन्फ्रेंस’ इसी दिशा का एक महत्वपूर्ण कदम है।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार नई दिल्ली में होने वाली ग्लोबल मिलेट्स सम्मेलन का उद्घाटन कर दिया है। नई दिल्ली स्थित NASC कॉम्पलेक्स के सुब्रमण्यम हॉल में यह सम्मेलन आयोजन किया गया है। इस मौके पर नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स ईयर 2023 पर एक डाक टिकट और सिक्के का भी अनावरण किया।

भारत के वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय और कृषि व प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) की ओर से आयोजित किए गए इस सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 100 बाजरा प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया है जबकि संयुक्त राज्य अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, जर्मनी, वियतनाम, जापान, केन्या, मलावी, भूटान, इटली और मलेशिया जैसे विभिन्न देशों के लगभग 100 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों भी शामिल हुए हैं।

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के प्रस्ताव और प्रयासों के बाद ही संयुक्त राष्ट्र ने 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष घोषित किया है। आज विश्व ‘इंटरनेशनल मिलेट ईयर’ मना रहा है जिसकी अगुवाई भारत कर रहा है। ‘ग्लोबल मिलेट्स कॉन्फ्रेंस’ इसी दिशा का एक महत्वपूर्ण कदम है। इसमें मिलेट्स की खेती, उससे जुड़ी अर्थव्यवस्था, हेल्थ पर उसके प्रभाव, किसानों की आय ऐसे अनेक विषयों पर सभी विद्वान और अनुभवी लोग विचार विमर्श करने वाले हैं।

मोदी ने कहा कि भारत के 12-13 राज्यों में प्रमुखता से मिलेट्स की खेती होती है। लेकिन इसकी घरेलू खपत प्रति व्यक्ति, प्रति माह 2-3 किलो से ज्यादा नहीं थी। आज ये बढ़कर 14 किलो प्रति माह हो गई है। मिलेट्स फूड प्रॉडक्ट्स की बिक्री भी करीब 30 प्रतिशत बढ़ी है। अब जगह-जगह मिलेट कैफे नजर आने लगे हैं। मिलेट्स से जुड़ी रेसीपीज के सोशल मीडिया चैनल्स बन रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में ही देश में श्रीअन्न पर काम करने वाले 500 से ज्यादा स्टार्टअप्स भी बने हैं।

बता दें कि गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली ने सम्मेलन आयोजित करने के लिए नरेंद्र मोदी की सराहना की। एक वीडियो संदेश में अली ने कहा कि 17 कैरेबियाई देशों में बाजरा के उत्पादन और प्रचार में हर संभव मदद का वादा किया। उन्होंने कहा कि भारत बाजरा के उत्पादन और निर्यात दोनों में वैश्विक नेता है और बाजरा के वैश्विक उत्पादन और लोकप्रियता में अग्रणी भूमिका निभा सकता है।

वहीं एक अन्य वीडियो संबोधन में इथियोपिया की राष्ट्रपति साहले-वर्क जेवडे ने भी मोदी को बाजरा पर इस वैश्विक सम्मेलन के लिए बधाई दी और कहा कि यह विश्व की सरकारों और नीति निर्माताओं को बाजरा के प्रचार और उत्पादन के लिए प्रेरित करेगा।

आपको बता दें कि साल 2021-22 में भारत का बाजरा का निर्यात 64 मिलियन अमरीकी डॉलर था। भारत दुनिया भर के 139 देशों को बाजरा निर्यात कर रहा है।

Comments

Latest