Skip to content

साउथ ब्रंसविक में अक्तूबर को हिंदू विरासत माह के रूप में मंजूरी, उत्सव शुरू

साउथ ब्रंसविक का हिंदू समुदाय खासा बड़ा है। यहां के लोग अक्तूबर-नवंबर के दौरान चंद्र कैलेंडर पर आधारित त्योहार मनाते हैं। इस दौरान स्थानीय लोग नवरात्रि, करवा चौथ और दीप पर्व दीपावली का उत्सव मनाते हैं।

नवरात्रि महोत्सव की आरंभ 15 अक्तूबर से हो रहा है। Photo by Sonika Agarwal / Unsplash

हिंदू अमेरिकन सोसाइटी ऑफ सेंट्रल न्यू जर्सी (साउथ ब्रंसविक चैप्टर) ने अक्टूबर 2023 को हिंदू विरासत माह के रूप में मान्यता देने के लिए साउथ ब्रंसविक टाउनशिप में एक प्रस्ताव पेश किया जिसे नगर परिषद ने 26 सितंबर की बैठक में भारी बहुमत से मंजूरी दे दी।

इस प्रस्ताव के माध्यम से नगर परिषद स्थानीय हिंदुओं के योगदान की पहचान के साथ ही समुदाय को लेकर जागरूकता पैदा करना चाहती है। हिंदू विरासत 'वसुधैव कुटुम्बकम' के संदेश का प्रसार करती है, जिसका अर्थ होता है पूरा संसार एक परिवार है। यह संदेश सभी लोगों और राष्ट्रों के परस्पर जुड़ाव और एकता पर जोर देता है और वैश्विक सद्भाव, सहयोग तथा ग्रह और उसके निवासियों की भलाई के लिए साझा जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देता है।

साउथ ब्रंसविक का हिंदू समुदाय खासा बड़ा है। यहां के लोग अक्तूबर-नवंबर के दौरान चंद्र कैलेंडर पर आधारित त्योहार मनाते हैं। इस दौरान स्थानीय लोग नवरात्रि, करवा चौथ और दीप पर्व दीपावली का उत्सव मनाते हैं। नवरात्रि के दौरान दिव्य स्त्रीत्व का सम्मान किया जाता है। भारत के कई हिस्सों में नवरात्रि को दुर्गा पूजा के रूप में मनाया जाता है। माना जाता है कि देवी दुर्गा ने बुराई का अंत किया था। शहर के कई संगठनों ने नवरात्रि के दौरान गरबा के आयोजन की भी योजना बनाई है। इस बार नवरात्रि महोत्सव 15 अक्तूबर से शुरू होने जा रहा है।

करवा चौथ एक दिन का वार्षिक त्योहार है जो हिंदू भगवान शिव और देवी पार्वती की पूजा के साथ मनाया जाता है। इस दिन विवाहित हिंदू महिलाएं अपने पति की लंबी आयु की कामना के साथ सूर्योदय से चंद्रोदय तक का व्रत रखती हैं। रात को आकाश में चांद देखने के बाद ही वे अपना व्रत तोड़ती हैं। करवा चौथ हिंदू महीने कार्तिक में पूर्णिमा के बाद चौथे दिन होता है।

इस साल ब्रंसविक में 12 नवंबर को दीपावली मनाई जाएगी। दीपावली या दिवाली भारत का सबसे बड़ा पर्व है। विशेष रूप से हिंदुओं का यह सबसे बड़ा त्योहार है। भारत के अलावा दुनियाभर में बसे भारतीय और हिंदू समुदाय के लोग धूमधाम और रोशनी के साथ दीपावली का उत्सव मनाते हैं। हिंदू, जैन और सिखों सहित सभी सनातनी लोगों का यह सबसे बड़ा पर्व है जिसकी धूम अब अमेरिका और यूके में भी दिखाई देती है।

Comments

Latest