Skip to content

पहली रिपब्लिकन डिबेट में निक्की हेली और विवेक रामास्वामी में घमासान

डिबेट के दौरान आठ उम्मीदवार एकदूसरे पर इस तरह हमलावर थे कि एंकर ब्रेट बेयर और मार्था मैक्कलम को उन्हें काबू करने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था। निक्की हेली और विवेक रामास्वामी के बीच तो जमकर जमकर बहस हुई।

विवेक रामास्वामी और निक्की हेली

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार निक्की हेली और विवेक रामास्वामी के बीच बुधवार शाम विस्कॉन्सिन के मिल्वौकी में फिसर्व फोरम स्टेडियम में पहली रिपब्लिकन प्रेसिडेंशियल डिबेट हुई। इस दौरान दोनों के बीच जमकर बहस हुई।

बहस का आयोजन फॉक्स न्यूज की तरफ से किया गया था। डिबेट के दौरान आठ उम्मीदवार एक दूसरे पर इस तरह हमलावर थे कि एंकर ब्रेट बेयर और मार्था मैक्कलम को उन्हें काबू करने के लिए खासी मेहनत करनी पड़ी।

डिबेट से पहले राजनीतिक पंडितों का मानना था कि फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसैंटिस और 38 वर्षीय रामास्वामी के बीच टकराव होगा। कई सर्वेक्षण बताते हैं कि ये दोनों पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सबसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी हैं। डिबेट में ट्रंप शामिल नहीं हुए।

अपने चुनाव पर 15 मिलियन डॉलर तक खर्च कर चुके रामास्वामी ने आते ही अपने सात विरोधियों से भिड़ंत का मंच तैयार कर दिया। उन्होंने अपने सभी विरोधियों को 'सुपर-पीएसी कठपुतलियां' करार दे दिया। इसके बाद विशेष रूप से पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस और न्यूजर्सी के पूर्व गवर्नर क्रिस क्रिस्टी ने उन्हें "धोखेबाज" बताते हुए तीखा निशाना साधा।

पहली बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ रहे रामास्वामी ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा कि मैं इस मंच पर एकमात्र व्यक्ति हूं, जिसे खरीदा नहीं जा सकता। क्रिस्टी ने रामास्वामी की खिल्ली उड़ाते हुए उन्हें चैटजीपीटी जैसा दिखने वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि अब ट्रेनिंग का समय नहीं है। हमें किसी धोखेबाज की जरूरत नहीं है। हमें बिना अनुभव के किसी को लाने की जरूरत नहीं है।

मंच पर मौजूद एकमात्र महिला निक्की हेली ने अर्थव्यवस्था और गर्भपात जैसे मुद्दों पर अपनी पार्टी का रिकॉर्ड बताते हुए पूरी मजबूती से अपनी बात रखी। दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गर्वनर और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत रह चुकीं हिलेरी ने यूक्रेन को अमेरिकी सैन्य सहायता के मसले पर रामास्वामी के ऊपर निशाना साधा।

रामास्वामी ने कहा कि अगर वह राष्ट्रपति होते तो यूक्रेन को दी जाने वाली सभी सहायता रोक देते और बिना दस्तावेज वाले प्रवासियों की एंट्री रोकने के लिए अमेरिकी सीमाओं को मजबूत करने पर पैसा लगाते।

हेली ने आरोप लगाया कि मई में रूसी सैन्य बलों के खिलाफ सशस्त्र तख्तापलट करने वाले येवगेनी प्रिगोझिन की मौत के लिए रूसी प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन जिम्मेदार हैं। प्रिगोज़िन की 23 अगस्त को एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई है।

हेली ने कहा कि वह यूक्रेन को रूस के हाथों सौंपना चाहते हैं, चीन को ताइवान पर कब्जा करने देना चाहते हैं और इजरायल को धन देना बंद करना चाहते हैं। उन्हें याद रखना चाहिए कि आप दोस्तों के साथ ऐसा नहीं करते हैं। इसके बजाय आप दोस्तों का साथ देते हैं। इसके बाद हेली ने रामास्वामी की ओर मुड़कर कहा कि आपके पास विदेश नीति का कोई अनुभव नहीं है और यह साफ दिखता है।

रामास्वामी ने सैन्य रक्षा ठेकेदार लॉकहीड मार्टिन और रेथियॉन के साथ कथित जुड़ाव के लिए हेली की आलोचना की। पेंटागन द्वारा यूक्रेन को हथियार और उपकरण मुहैया कराने के लिए अब तक दिए गए सात अरब डॉलर के हथियारों और उपकरणों में से करीब 4.2 अरब डॉलर के ठेके दोनों कंपनियों के हैं।

रामास्वामी ने तंज कसा कि मैं लॉकहीड मार्टिन और रेथियॉन के बोर्ड में आपके भविष्य के करियर के लिए शुभकामनाएं देता हूं। हेली आरोपों से इनकार करती रहीं और रामास्वामी उन पर चिल्लाते रहे।

Comments

Latest