Skip to content

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद जश्न में डूबा न्यूयॉर्क का टाइम्स स्क्वायर

प्रवासी नेता प्रेम भंडारी ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे विश्व के लिए गर्व की बात है। इस मील के पत्थर के साथ भारत उन विशिष्ट देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है जिन्होंने अपने चंद्रमा मिशनों में सफलता पाई है।

भारत के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता कोई सामान्य उपलब्धि नहीं थी। ऐसे में इस महत्वपूर्ण अवसर पर अमेरिका में रहने वाले भारतीय प्रवासी अपने उत्साह को रोक नहीं सके। न्यूयॉर्क का टाइम्स स्क्वायर इस खुशी का जश्न मनाने के लिए भारतीय प्रवासियों से भर गया। प्रवासियों ने यहां मिलकर ढोल की थाप पर नाचकर-गाकर इस पल का जमकर जश्न मनाया।

इस मौके पर शामिल हुए जयपुर फुट यूएसए के अध्यक्ष और प्रवासी नेता प्रेम भंडारी ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे विश्व के लिए गर्व की बात है। इस मील के पत्थर के साथ भारत उन विशिष्ट देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है जिन्होंने अपने चंद्रमा मिशनों में सफलता पाई है। ISRO टीम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए को हम सब बधाई देते हैं।

भंडारी ने कहा कि अमेरिका में पले-बढ़े भारतीय मूल के बच्चे भी यह मानते हैं कि यह समय भारत के वैश्विक शक्ति बनने की शुरुआत है। आने वाला युग भारत का है। हमनें भले ही अमेरिका की नागरिकता ले ली है लेकिन हम भारतीय प्रवासियों का दिल आज भी भारत के लिए धड़कता है।

जयपुर फुट यूएसए के अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे टर्म को पूरा होने तक भारत चांद पर महिला और पुरुष भेजने वाला पहला देश भी बनेगा। इसके अलावा भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी बनकर उभरेगा।

प्रवासी नेता प्रेम भंडारी ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे विश्व के लिए गर्व की बात है।

आपको बता दें कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से घोषणा की गई थी कि चंद्रयान-3 मिशन अपनी मंजिल पर पहुंच गया है। चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैडिंग की है। इसके लिए सभी भारतीयों को बधाई।

ISRO के इस सफल अभियान के बाद से भारत का कद दुनिया में बढ़ा है। कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से प्रवासी भारतीय इस खुशी को साझा कर रहे हैं। विदेशों में बसे भारतीयों को स्थानीय नागरिक इस सफलता के लिए बधाई दे रहे हैं।

Comments

Latest