अमेरिका में मॉरिसविले, एनसी, टाउन काउंसिल में अपना आठवां साल पूरा करने के कगार पर खड़े भारतीय अमेरिकी सतीश गरिमेला तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। सतीश का कहना है कि लोगों का विश्वास अर्जित करना हमारा विशेषाधिकार है। नगर परिषद में सेवा करने से मुझे बहुत संतुष्टि मिलती है।
सतीश का कहना है कि समुदाय मेरे लिए बहुत महत्व रखता है। लोगों और उनके परिवारों की चिंताए, जरूरत मुझे प्रेरित करती हैं। क्योंकि मैं वास्तव में समाज के लिए सकारात्मक योगदान को महत्व देता हूं जो मैं कर सकता हूं। मतदान 19 अक्टूबर को शुरू हुआ था और यह चार नवंबर को समाप्त होगा। मतों की गिनती सात नवंबर को होगी। भारत के मुंबई में पले-बढ़े सतीश परिषद में एक बड़ी सीट के लिए मैदान में हैं।
मुख्य रूप से वेक काउंटी, उत्तरी कैरोलिना के सबसे अधिक आबादी वाले काउंटी के भीतर स्थित, मॉरिसविले रिसर्च ट्रायंगल महानगरीय क्षेत्र का एक प्रमुख शहर है, जो रैले, डरहम और चैपल हिल से घिरा हुआ है। मॉरिसविले अमेरिका के उन कुछ शहरों में से एक है जहां भारतीय अमेरिकी सबसे बड़ा जातीय समूह हैं। शहर के लगभग 32,000 निवासियों में से लगभग 46 प्रतिशत भारतीय अमेरिकी मूल के हैं, जबकि 35 प्रतिशत सफेद हैं, और 10 प्रतिशत अफ्रीकी अमेरिकी हैं।
एक मेयर और प्रोटेम मेयर के अलावा नगर परिषद में पांच सदस्य होते हैं। वर्तमान परिषद में एक अन्य भारतीय अमेरिकी स्टीव राव भी शामिल हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री के साथ कंप्यूटर विज्ञान में मास्टर डिग्री हासिल की है। एक बड़ी दवा कंपनी में एक वरिष्ठ प्रबंधक के रूप में काम करते हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह सामुदायिक सेवा और राजनीति के लिए उनका जुनून था जिसने भारतीय अमेरिकी को 2015 में नगर परिषद के लिए चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया। परिषद के सदस्य के रूप में पदभार संभालने के बाद से गरिमेला का परिषद और शहर दोनों पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा है। उन्हें अपनी भूमिका में विशेष संतुष्टि मिली जब उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान 17,000 व्यक्तियों के लिए टीकाकरण हासिल किया।
एक भारतीय अमेरिकी होने के नाते उन्हें अक्सर समुदाय के सदस्यों से वीजा और कांसुलर मामलों में मदद के लिए अनुरोध प्राप्त होते हैं। वाशिंगटन, डीसी में भारतीय दूतावास के साथ-साथ भारत में अमेरिकी मिशनों के साथ मजबूत संबंधों जोड़ते हुए वह लोगों की सहायता करने में हमेशा आगे रहे हैं।। पिछले आठ वर्षों में, उन्होंने समुदाय को लाभान्वित करने के लिए कई शिविरों और कार्यक्रमों का समन्वय भी किया है।