Skip to content

मोरक्वो: बॉलीवुड का 'जबरा फैन', कड़कती बिजली में रितिक के गाने पर डांस

यह पहला वाक्या नहीं है जब किसी अफ्रीकी नागरिक का बॉलीवुड प्रेम ऐसे खुलकर सामने आया हो। इससे पहले तंजानिया के भाई-बहन किली पॉल और निमा पॉल की हिंदी गाने पर लिप-सिंक वीडियो भी खूब लोकप्रिय हुआ है

रितिक रोशन को मोरक्को में मिला फैन

मोरक्को के एक युवक का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है जो खासकर भारतीयों को काफी पसंद आ रहा है। वीडियो को पसंद किए जाने की अपनी वजह भी है। दरअसल, इस वीडियो में 22 साल के रिजकी हू-ब-हू बॉलीवुड स्टार रितिक रोशन की तरह डांस कर रहे हैं। उन्हें देखकर ऐसा बिल्कुल भी नहीं लग रहा कि वह भारत से हजारों मील दूर अफ्रीकी देश में रह रहे हैं।

मोरक्को में भारतीय दूतावास ने रिजकी का वीडियो शेयर किया। रिजकी ने खुद दूतावास को यह अपना डांस वीडियो भेजा था।  इस वीडियो में रिजकी रितिक रोशन और कैटरीन कैफ की फिल्म 'बैंग बैंग' के 'तू मेरा' गाने पर थिरकते दिख रहे हैं। वह डांस के कितने शौकीन हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आसमान में बिजली कड़क रही है लेकिन बॉलीवुड गाने का नशा उन पर ऐसा है कि उन्हें कोई फर्क ही नहीं पड़ रहा।

दूतावास ने वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'मोरक्को के हर उम्र के लोगों में बॉलीवुड बहुत लोकप्रिय है। मोरक्को के 22 वर्ष के रिजकी को बॉलीवुड गाने पर डांस करते हुए देखें। हमारे साथ वीडियो शेयर करने के लिए रिजकी आपका आभार।'

यह पहला वाक्या नहीं है जब किसी अफ्रीकी नागरिक का बॉलीवुड प्रेम ऐसे खुलकर सामने आया हो। इससे पहले तंजानिया के भाई-बहन किली पॉल और निमा पॉल का हिंदी गाने पर लिप-सिंक वीडियो भी खूब लोकप्रिय हुआ है। उनकी तारीफ तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की थी।

बताते चलें कि अफ्रीकी देश मोरक्को शूटिंग के लिहाज से बॉलीवुड के पसंदीदा जगहों में से एक है। 'टाइगर जिंदा है', 'ये जवानी है दीवानी', 'जग्गा जासूस', 'हाउसफुल 2' की शूटिंग मोरक्को में हुई थी। यहां तक रितिक की फिल्म 'अग्निपथ' की शूटिंग भी मोरक्को के खूबसूरत लोकेशन पर हुई थी।

Comments

Latest