यदि आप वास्कोडिगामा, कॉपरफिल्ड, कोलंबस की तरह समुद्री यात्रा पर जाने का शौक रखते हैं और खर्च करने के लिए तैयार हैं तो आपके लिए बेहतरीन मौका है। लाइफ एट सी क्रूज तीन वर्षों में आपको 135 से अधिक देशों को घुमाने का मौका दे रहा है।

रिपोर्टों के अनुसार, लाइफ एट सी क्रूज ने अपने एमवी जेमिनी जहाज के लिए तीन साल की समुद्री यात्रा की बुकिंग शुरू कर दी है। यह जहाज अपने यात्रियों को दुनिया भर में सात महाद्वीपों से जुड़े 135 से अधिक देशों में ले जाएगा।
इस जहाज में यात्रा करने के लिए 24,51,300 रुपये से 89,88,320 रुपये प्रति व्यक्ति सालाना का पैकेज है। पूरी यात्रा तीन साल की होगी। इस दौरान जहाज अपने यात्रियों को लेकर 1,30,000 मील की दूरी तय करेगा। यात्री 375 बंदरगाहों पर 208 रातें बिता सकेंगे।
इसके साथ ही जहाज अपने यात्रियों को रियो डी जनेरियो की क्राइस्ट द रिडीमर प्रतिमा, मैक्सिको के चिचेन इट्ज़ा, भारत में ताजमहल, चीन की महान दीवार सहित अन्य लोकप्रिय और मनमोहक स्थानों पर भी ले जाएगा। जहाज 103 उष्णकटिबंधीय द्वीपों का भी दौरा करेगा।
एमवी जेमिनी पोत के अधिकारियों की मानें तो 1,074 यात्रियों के लिए 400 केबिन और कमरे हैं। जहाज में सभी तरह की कनेक्टिविटी की सुविधाएं हैं, इसलिए आप रिमोट पर अपना काम जारी रखते हुए यात्रा कर सकते हैं। यह जहाज 1 नवंबर से इस्तांबुल से अपनी यात्रा शुरू करेगा।
जहाज में डाइनिंग वेन्यू, अत्याधुनिक वेलनेस सेंटर, स्विमिंग पूल, सनडेक, हाई-स्पीड इंटरनेट और मुफ्त चिकित्सा सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। ऑन-कॉल अस्पताल और हाउसकीपिंग की सुविधाएं भी हैं।