Skip to content

भारत की राजधानी दिल्ली: लगातार उलझती जा रही है 'आप' की सरकार

दिल्ली सरकार बैकफुट पर है और विरोधी दल उस पर लगातार हमले कर रहे हैं। सरकार के मुख्यमंत्री व पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल का कहना है कि असल में उनकी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता के चलते केंद्र में बैठी बीजेपी सरकार उन्हें प्रताड़ित कर रही है और उनके नेताओं को बेवजह गिरफ्तार कर रही है।

मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)

भारत की राजधानी दिल्ली का राजनैतिक पारा हमेशा चढ़ा रहता है। राजधानी से ही देश की राजनीति संचालित और उद्वेलित होती है। यहां जो भी राजनैतिक या प्रशासनिक निर्णय लिए जाते हैं, उसका असर पूरे देश पर पड़ता है। लेकिन आज दिल्ली खुद ही राजनैतिक संकट में फंसी हुई है। दिल्ली राज्य को राजनीतिक रूप से चलाने वाली आम आदमी पार्टी की सरकार के एक ताकतवर मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार हो चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर आरोप-प्रत्यारोप के दौर शुरू हो गए हैं। लेकिन विशेष बात यह है कि पूरे भारत में एक यही ऐसी सरकार है, जिसके सबसे अधिक मंत्री और नेता विभिन्न आरोपों में जेल जा चुके हैं। हैरानी इस बात पर होती है कि इस पार्टी का जन्म भ्रष्टाचार के खिलाफ और राजनैतिक शुचिता लाने के लिए हुआ था।

दिल्ली का राजनैतिक पारा अब खुद दिल्ली के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। रविवार शाम देश की जांच एजेंसी सीबीआई ने दिल्ली सरकार के वित्त व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उन्होंने अपने प्रभाव का प्रयोग करते हुए दिल्ली में लागू हुई शराब पॉलिसी में लिकर कंपनियों व दलालों से मोटी धनराशि वसूली। उनसे पहले इस पॉलिसी की जांच के दौरान कई लोग सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। सीबीआई का दावा है कि इन लोगों से पूछताछ और जांच में सिसोदिया का नाम सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि दिल्ली सरकार में शिक्षा व जेल मंत्री सत्येंद्र जैन भी कई आरोपों में जेल में बंद हैं।

फिलहाल दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार बैकफुट पर दिख रही है। विरोधी दल उस पर लगातार हमले कर रहे हैं। सरकार के मुख्यमंत्री व पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल का आरोप है उनकी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता के चलते केंद्र में बैठी बीजेपी सरकार उन्हें प्रताड़ित कर रही है और उनके नेताओं को बेवजह गिरफ्तार करवा रही है। वह खुद को पीड़ित बताते हुए आरोप लगा रहे हैं कि चूंकि दिल्ली में उनकी सरकार ने प्रभावी काम किए हैं, इसलिए उन्हें टारगेट पर लिया जा रहा है। उनका यह भी दावा है कि पूरे देश में अब आम आदमी पार्टी ही बीजेपी व अन्य दलों को टक्कर दे सकती है। वह यह भी लगातार दोहरा रहे हैं कि उनकी पार्टी ही असली देशभक्त है जो भारत के हित में लगी है। इस मसले पर दिल्ली में आजकल धरना-प्रदर्शन, आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज है।

समस्या यह है कि मनीष सिसोदिया दिल्ली सरकार के इकलौते मंत्री नहीं है जो भ्रष्टाचार या अन्य कारणों से गिरफ्तार हुए हैं। उनसे पहले दिल्ली सरकार के चार मंत्री और पंजाब राज्य के एक मंत्री सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। दिल्ली के मंत्रियों में सत्येंद्र जैन मनी लॉंड्रिंग, आसिम अहमद खान रिश्वतखोरी, जितेंद्र तोमर कानून की फर्जी डिग्री और संदीप कुमार रेप कांड में फंस चुके हैं। पंजाब राज्य में आप सरकार के एक अन्य मंत्री विजय सिंगला भी कमीशनखोरी के चलते जेल जा चुके हैं। यह तो रही मंत्रियों की बात। इसके अलावा दिल्ली सरकार के कुछ विधायक भी विभिन्न कारणों से कारागार पहुंच चुके हैं। इनमें सोमनाथ भारती, अमानतुल्लाह खान, प्रकाश जारवाल आदि शामिल हैं। इन गिरफ्तारियों पर आम आदमी पार्टी का कहना है कि उनके नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाया गया है। वैसे यह बात अलग है कि तीन मंत्रियों पर आरोप लगने के बाद अरविंद केजरीवाल ने खुद उन्हें केबिनेट से बाहर कर दिया था।

विपक्ष के नेता दावा कर रहे हैं कि कि सीएम और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी गिरफ्तार करने का जल्द नंबर आ सकता है क्योंकि वह सरकार के मुखिया है और सभी भ्रष्टाचार कथित तौर पर उनकी निगरानी में ही हुए हैं। फिलहाल दिल्ली की राजनीति गरम है। दिल्ली के लोग इस बात को लेकर हैरान-परेशान हैं कि जो पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा लेने और राजनैतिक शुचिता को लेकर सत्ता में आई, वही सबसे अधिक भ्रष्टाचार व राजनैतिक गंदगी का शिकार हो रही है। केजरीवाल व उनकी पार्टी के नेता इन आरोपों के बावजूद डटे हुए हैं और लगातार विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं। असल में राजनैतिक आरोप प्रत्यारोप तो जारी रहेंगे लेकिन मसला अब जांच एजेंसियों के पास है और कोर्ट भी अपना काम कर रहे हैं। ऐसे में देखना होगा कि इस रात की सुबह कब होगी। अगर मनीष सिसोदिया पर आरोप सिद्ध होते हैं तो यह आम आदमी पार्टी के लिए बहुत ही बुरा होगा। लोगों का ऐसी पार्टियों से भरोसा उठ जाएगा जो ईमानदारी और जनसेवा की बात करते हैं। वैसे यह सच है कि आने वाले दिन आम आदमी पार्टी के लिए परेशानी पैदा करने वाले हो सकते हैं।

Comments

Latest