Skip to content

US में हादसे के बाद मौत से जूझ रही भारतीय छात्रा, मदद के लिए लगाई गुहार

साहिती नॉर्थ-वेस्ट मिसौरी स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ती हैं। उसके माता पिता भारत में रहते हैं। इस महीने की शुरुआत में वह अपने दोस्त के साथ कार में हाइवे से जा रही थी कि तभी कार दुर्घटना का शिकार हो गई

सांकेतिक फोटो Photo by Ilja Nedilko / Unsplash

भारत से अमेरिका पढ़ाई के लिए गई एक छात्रा मिसूरी में हादसे का शिकार हो गई। हाइवे 71 पर जाते समय साहिती की कार एक ट्रैफिक लाइट के खंबे से टकरा गई। उसकी रीढ़ की हड्डी समेत कई अंगों में गहरी चोट लगी है और वह अस्पताल में मौत से जूझ रही है। उसका मेडिकल खर्च उठाने के लिए ऑनलाइन गुहार लगाई गई है।

खबरों के अनुसार साहिती नॉर्थ-वेस्ट मिसौरी स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ती हैं। उसके माता पिता भारत में रहते हैं। इस महीने की शुरुआत में वह अपने दोस्त के साथ कार में हाइवे से जा रही थी कि तभी कार दुर्घटना का शिकार हो गई। साहिती को गंभीर हालत में मिसौरी के सेंट जोसेफ में मोजेक लाइफ केयर में ले जाया गया।

डॉक्टरों का कहना है कि साहिती की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर है, उसकी धमनी टूट गई है, छोटी आंत में छेद हो गया है, पेट में जख्म है। साहिती के इलाज के खर्च में मदद के लिए गो फंड मी बेवसाइट पर एक पेज बनाया गया है। उसकी चचेरी बहन झन्वी ने मदद की गुहार लगाते हुए पेज पर लिखा कि अस्पताल में साहिती की छोटी आंत, पेट, महाधमनी की सर्जरी हो चुकी हैं। शरीर से हड्डियों के टुकड़े निकाले जा चुके हैं। हड्डियों को जोड़ने के लिए रॉड डाली गई हैं।

झन्वी ने कहा कि डॉक्टरों को लगता है कि साहिती को रिकवर होने में कई महीने लग सकते हैं। वह पूरी तरह ठीक हो भी पाएगी कि नहीं, हम नहीं जानते लेकिन भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि सब ठीक हो जाए। फिलहाल साहिती आईसीयू में हैं।

इस दुर्घटना के कुछ दिनों बाद न्यूजर्सी में एक इंटर-सिटी ट्रेन की चपेट में आने से आंध्र प्रदेश के एक 39 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो चुकी है। उससे पहले कनेक्टिकट में पिछले साल अक्टूबर में एक कार हादसे में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के तीन छात्रों की मौत हो गई थी और पांच अन्य घायल हो गए थे।

Comments

Latest