अमेरिका में एक भारतीय मूल की महिला पर सनसनीखेज आरोप लगा है। महिला पर अपने ही 10 साल के बेटे को योजनाबद्ध तरीके से मारने का आरोप है। महिला ने इसके लिए जो तरीका अपनाया उसे जानकर पुलिस के साथ ही हर कोई हैरान है।
जानकारी के अनुसार उत्तरी कैरोलिना की एक 33 वर्षीय भारतीय मूल की मां को अपने 10 वर्षीय बेटे की मौत का कारण बनने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला का नाम प्रियंका तिवारी है। प्रियंका पर प्रथम श्रेणी की हत्या और लापरवाही के साथ बाल शोषण के परिणामस्वरूप गंभीर शारीरिक चोट पहुंचाने का आरोप है। महिला के इस कृत्य का नतीजा उसके बेटे की मौत के रूप में सामने आया है।
इस त्रासद घटना का खुलासा तब हुआ जब मॉरिसविले पुलिस विभाग के अधिकारियों के पास क्रेगमीड ड्राइव स्थित तिवारी के घर से फोन आया। तिवारी ने खुद ही पुलिस को 911 पर फोन कर इस घटना की खबर दी।
पुलिस ने बताया कि उनके पास क्रेगमीड ड्राइव से तिवारी का फोन आया था और उन्होंने बताया कि उनका बच्चा अचेत हो गया। लेकिन जब पुलिस तिवारी के घर पहुंची तो पता चला कि बच्चे की मौत हो चुकी है। पुलिस ने पाया कि बच्चे का शरीर काफी हद तक सड़ चुका था। इस वजह से पुलिस को संदेह हुआ।
पुलिस को जांच में पता चला कि घर में भोजन की चिंताजनक कमी थी। यानी घर में कोई खाद्य सामग्री ही नहीं थी। अधिकारियों का आरोप है कि तिवारी ने जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से उनके बेटे को भूखा रखकर मरने पर मजबूर किया। यही नहीं पिछले कुछ वर्षों में तिवारी तक पहुंच भी कठिन हो गई थी। इस वजह से परिवार की स्वास्थ्य जांच भी नहीं हो सकी थी।