लोग घर बैठे आमदनी के लिए नई-नई तिकड़म लगाते हैं, लेकिन कनाडा में भारतीय मूल का एक युवक अपने घर को ही किराए पर देकर महीने के नौ लाख रुपये की कमाई कर रहा है। दिलचस्प बात ये है कि इसका आइडिया उसे कनाडा में पढ़ाई करते हुए आया।
करुण विज की उम्र 33 साल है और कनाडा में उनके पास चार प्रॉपर्टी हैं। इसमें उन्होंने 28 कमरे बना रखे हैं, जिन्हें किराए पर देकर वह महीने के नौ लाख रुपये घर बैठे कमाते हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, शिकागो में रहने वाले करुण विज जब 2016 में कनाडा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आए थे, तब उन्होंने देखा कि उनके कॉलेज के पास कमरों का किराया अच्छा खासा है। तभी उन्हें आइडिया आया कि पूरे घर को किराए पर उठाने के बजाय एक-एक कमरे को रेंट पर देना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। बस उन्होंने इसी पर अपना ध्यान लगा दिया।
विज ने कनाडा के ओन्टारियो में अपनी पहली प्रॉपर्टी खरीदी। इसके लिए उन्होंने कुछ साल तक पैसा बचाया। जब वह 26 साल के थे, तब उन्होंने 323,904 डॉलर (करीब 2.7 करोड़ रुपये) के मकान को लगभग 64,781 डॉलर (लगभग 54 लाख रुपये) का 20% डाउन पेमेंट करके खरीद लिया। इस मकान को उन्होंने कॉलेज के सात छात्रों को किराए पर दे दिया।
इसके बाद जैसे-जैसे उनकी कमाई बढ़ी, वे दक्षिणी ओंटारियो में घर खरीदते गए और उन्हें किराए पर उठाने लगे। अब उनके पास लगभग 2.3 मिलियन डॉलर कीमत की चार किराये की प्रॉपर्टी हैं।
ऐसा नहीं है कि करुण विज की सिर्फ किराए पर कमरों से ही आमदनी है। ग्रैजुएशन करने के बाद उन्होंने एप्लिकेशन इंजीनियर के रूप में नौकरी की। अमेरिका की एक कंपनी में अकाउंट मैनेजर बन गए। अब विज अपनी पत्नी और बेटी के साथ शिकागो में रहते हैं और 1,83,000 डॉलर से अधिक कमाते हैं।