Skip to content

दो बच्चों और पत्नी की हत्या कर 11वीं मंजिल से कूद गया भारतीय, मौत

जिस भारतीय नागरिक ने छत से कूदकर जान दी थी, उसकी उम्र 30 वर्ष के आसपास थी। पुलिस को तलाशी में उसके कपड़ों से एक नोट मिला जिसमें उसने लिखा था कि उसने पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी है। पुलिस जांच में ये बात सही पाई गई।

सांकेतिक फोटो Photo by mostafa meraji / Unsplash

संयुक्त अरब अमीरात में एक भारतीय नागरिक ने एक अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक शारजाह में फ्लैट से कूदने से पहले उसने अपनी पत्नी और नाबालिग बच्चों की हत्या कर दी थी। हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इस बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है।

शारजाह पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों के बारे में पता नहीं चला है (सांकेतिक चित्र) Photo@Wikipedia

स्थानीय मीडिया के मुताबिक शारजाह में पुलिस और पैरामेडिक्स को मंगलवार शाम एक कॉल मिली थी जिसमें घटना से संबंधित जानकारी दी गई थी। आनन-फानन में पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने बुरी तरह से जख्मी व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया। वहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि जिस भारतीय नागरिक ने छत से कूदकर जान दी थी। उसकी उम्र 30 वर्ष के आसपास थी। डॉक्टरों ने बताया कि चोटों के कारण उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कपड़ों से एक नोट बरामद हुआ। नोट में उसने अपनी पत्नी और दो बच्चों (चार साल के लड़के और आठ साल की लड़की) की हत्या करने की बात लिखी थी। बाद में तहकीकात से पुष्टि हो गई कि मृतक ने पत्र में जो बातें लिखी थीं, वह सही थीं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि शारजाह पुलिस ने घटना के पीछे के कारणों के बारे में कुछ नहीं बताया है। पुलिस घटना के बारे में पूरी जानकारी जुटा रही है। पड़ोसियों के अनुसार परिवार पिछले छह महीने से बिल्डिंग में रह रहा था। उन्होंने भी घटना के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया है।

Comments

Latest