Skip to content

लंदन में 'इंडिया हाउस' के आगे ढाल बने प्रवासी, हमले का किया विरोध

प्रदर्शन में शामिल हुए भारतीय प्रवासियों ने इंडिया हाउस के बाहर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए और भारतीय एकता और भारतीय विविधता का जश्न भी मनाया। एक वीडियो में भारतीय प्रवासी महिला के साथ पुलिस के अफसर पंजाबी गीत ‘सौदा खरा-खरा’ पर नाचते हुए भी दिख रहे हैं।

लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर बड़ी संख्या में भारतीयों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। (फोटो @FISI_UK)

लंदन में भारतीय प्रवासी समूहों ने मंगलवार को खालिस्तानी समर्थकों के हमले के विरोध में इंडिया हाउस के बाहर प्रदर्शन किया और भारतीय उच्चायोग के लिए एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया। प्रदर्शन में शामिल हुए प्रवासियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए और भारतीय एकता और भारतीय विविधता का जश्न भी मनाया।

‘वी स्टैंड बाय हाई कमीशन ऑफ इंडिया’ नाम से आयोजित इस प्रदर्शन में काफी संख्या में प्रवासी इकट्ठा हुए। प्रदर्शन में शामिल भारतीय प्रवासियों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हैं। एक वीडियो में भारतीय प्रवासी महिला के साथ पुलिस के अफसर पंजाबी गीत ‘सौदा खरा-खरा’ पर नाचते हुए भी दिख रहे हैं।

FISI UK के एक अधिकारी जय शाह ने कहा कि हम यहां भारतीय एकता और विविधता का जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं। हम यह बताना चाहते हैं कि हम सब एक हैं। भारत हमेशा एकजुट रहेगा। जो कोई उसे खंडित करने का प्रयास करेगा, वो यकीनन नाकाम होगा।

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष रहीं रश्मि सावंत भी इस प्रदर्शन में शामिल हुईं। रश्मि ने कहा कि हम भारतीय किसी के आगे झुकने वाले नहीं है। मौके पर मौजूद सिख समुदाय के सदस्यों ने कहा कि भारतीय भावना की वजह से हम सब यहां एकजुट हुए हैं और हमले का विरोध करते हैं।

बता दें कि बीते दिन खालिस्तानी समर्थकों ने इंडिया हाउस पर तोड़फोड़ की थी। उच्चायोग पर लहरा रहे भारतीय तिरंगे को नीचे खींचने का भी प्रयास किया था। हालांकि एक अधिकारी ने तिरंगे को संभाल लिया और उसे ऊपर ले लिया। इंडिया हाउस पर इस हमले को लेकर भारत सरकार ने ब्रिटिश सरकार के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है और उच्चायोग में पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

Comments

Latest