अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने वाशिंगटन में भारतीय अमेरिकियों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय प्रवासी और अमेरिकी कांग्रेस ने दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में अग्रणी भूमिका निभाई है। गत 27 अप्रैल को यूएस कैपिटल में इंडिया एडवोकेसी डे मनाया गया था। कार्यक्रम में 70 से अधिक सांसद शामिल हुए थे।
Addressed prominent members of diaspora & friends of 🇮🇳 🇺🇸 partnership at the reception organised by House India Caucus leadership at Capitol pic.twitter.com/LuyXG1CQoT
— Taranjit Singh Sandhu (@SandhuTaranjitS) April 27, 2023
भारत और भारत से संबंधित सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों पर अध्ययन करने वाले अमेरिका स्थित गैर-लाभकारी संगठन फाउंडेशन फॉर इंडिया एंड इंडियन डायस्पोरा स्टडीज (FIIDS) ने यह कार्यक्रम आयोजित किया था। संधू ने कार्यक्रम में कहा कि यह देखकर बड़ा अच्छा लग रहा है कि भारतीय अमेरिकी समुदाय कैपिटल हिल पर इतना सक्रिय है।
उन्होंने कहा कि 45 लाख की आबादी वाला भारतीय अमेरिकी समुदाय तकनीक, होटल, परिवहन, स्वास्थ्य देखभाल, वित्त और कृषि सहित विविध क्षेत्रों में प्रत्यक्ष तौर पर योगदान करता है। लेकिन नीतिगत मामलों पर उनके मुद्दे और चिंताएं हिल पर प्रतिबिंबित नहीं होती हैं। हम यहां प्रभाव डालने के लिए हैं ताकि समुदाय की आवाज सुनी जाए।
राजदूत ने कहा कि हम मुख्य रूप से दीर्घकालिक रणनीतिक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जिनमें कंट्री वाइज कोटा और H-1B वीजा जैसे आव्रजन मुद्दों से लेकर भारत के सभी धर्मों के प्रति धार्मिक-फोबिया का समाधान और भारत-अमेरिकी संबंधों को गहरा करना हैं। भारत और अमेरिका के बीच ICET, Quad और I2U2 के जरिए गहरे संबंध बन रहे हैं।
वहीं कार्यक्रम में मौजूद भारतीय अमेरिकी कांग्रेसी रो खन्ना ने कहा कि मुझे जो प्रतिक्रिया मिलती है, वह यह है कि भारतीय अमेरिकी समुदाय ने बहुत प्रभावी तरीके से अपनी जगह बनाई है। इसके लिए पूरे समुदाय को खुद पर गर्व होना चाहिए। मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि भारतीय अमेरिकी समुदाय अपना विकास करना जारी रखेगा। हमारी भागीदारी न केवल भारतीय अमेरिकी समुदाय के लिए बेहतर है बल्कि पूरे संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए अच्छी है।
ऐसे ही अन्य भारतीय अमेरिकी कांग्रेसी राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि भारत-अमेरिका की मजबूत साझेदारी के पीछे भारतीय अमेरिकी समुदाय है जो पुल की तरह काम कर रहा है और दोनों देशों के एक साथ लाता है। कार्यक्रम में भारतीय अमेरिकी कांग्रेसी श्री थानेदार ने व्यापक आव्रजन सुधार का आह्वान किया और ग्रीन कार्ड जारी करने में कंट्री वाइज कोटा हटाने के लिए FIIDS की सिफारिशों का समर्थन किया। उन्होंने टैक कर्मचारियों के लिए हर साल अमेरिका द्वारा जारी किए जाने वाले H-1B वीजा की संख्या बढ़ाने का भी आह्वान किया।
USISPF के अध्यक्ष मुकेश अघी ने इस मौके पर कहा कि भारत की आर्थिक समृद्धि अमेरिका और उसकी कंपनियों के लिए अच्छे संकेत हैं और सैन्य रूप से मजबूत भारत क्षेत्रीय स्थिरता के लिए जरूरी है।