Skip to content

लापता बेटे को खोजने भारतीय दंपत्ति UAE पहुंचे थे, मिली यह खबर!

यूएई के स्थानीय समाचारपत्र के अनुसार बेटे का दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। ऐसे में भारतीय जोड़े के बेटे का शव कई दिनों तक अज्ञात रहा। वह दुबई में अकेला रहता था और किसी के संपर्क में भी नहीं था।

लापता हुए बेटे का पता लगाने के लिए बीते दिनों एक भारतीय जोड़ा भारत से संयुक्त अरब अमीरात में गया था। खबर आ रही है कि उन्हें अपने बेटे की जानकारी मिल गई है। हालांकि बेटा मृत पाया गया है।

यूएई के स्थानीय समाचारपत्र के अनुसार बेटे का दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। ऐसे में भारतीय जोड़े के बेटे का शव कई दिनों तक अज्ञात रहा। वह दुबई में अकेला रहता था और किसी के संपर्क में भी नहीं था। मिली जानकारी के अनुसार माता-पिता ने 10 साल से अधिक समय से अपने बेटे को नहीं देखा था। संपर्क में रहते वक्त उन्होंने अपने बेटे को घर लौटने का भी आग्रह नहीं किया था।

सामाजिक कार्यकर्ता अशरफ थमरासेरी के मुताबिक सगाई टूटने के बाद बेटे को अपने गृहनगर में कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा था। ऐसे में वह कभी घर नहीं लौटा। बीते कुछ महीनों तक बेटे से संपर्क न होने के चलते चिंतित माता-पिता ने तलाश के लिए संयुक्त अरब अमीरात आने का फैसला किया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि माता-पिता को बेटे की काफी कम जानकारी थी। ऐसे में उन्होंने कई जगह उसकी तलाश की और कई दरवाजे खटखटाए। कई दिनों की खोज के बाद माता-पिता ने अपने बेटे का पता लगाया और पता चला कि वह अब नहीं रहा। इसके बाद वे मुर्दाघर घर गए, जहां उन्होंने अपने बेटे के शव की पहचान की और स्वदेश वापसी के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं। अशरफ ने स्थानीय मीडिया को बताया कि मैं माता-पिता के चेहरे का दुख कभी नहीं भूल सकता। यह मेरे द्वारा देखे गए सबसे हृदय विदारक मामलों में से एक था।

बता दें कि एक अनुमान के अनुसार संयुक्त अरब अमीरात में 3,860,000 से अधिक भारतीय प्रवासी रह रहे हैं, जो देश की कुल आबादी का 38 प्रतिशत से अधिक है। ऐसे में आए दिन यहां से भारतीय प्रवासियों से जुड़ी खबरें आती रहती हैं। एक अन्य मामले में इस साल जून में 35 वर्षीय भारतीय प्रवासी नीथू गांश की दुबई में घर पर स्नान करते समय बिजली का झटका लगने से मौत हो गई थी। इसके अलावा साल की शुरुआत में केरल का एक 48 वर्षीय व्यक्ति संयुक्त अरब अमीरात से लापता हो गया था जो बाद में पाकिस्तानी जेल में मृत पाया गया। पाकिस्तान सरकार ने शव को अटारी सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया।

Comments

Latest