Skip to content

सुरक्षा अधिकारी को दिया था धक्का, भारतीय पर जेल-जुर्माने की तलवार

45 वर्षीय भारतीय मूल के अजीतपाल सिंह ने अगस्त 2022 में बुकिट बटोक स्ट्रीट में ले क्वेस्ट कॉन्डोमिनियम में कथित रूप से अफिंदे मोहम्मद नाम के एक सुरक्षा अधिकारी पर हमला किया था।

सिंगापुर में भारतीय मूल के व्यक्ति पर एक सुरक्षा अधिकारी को कथित रूप से मारने, जकड़ने और धक्का देने का आरोप लगा है। इस आरोप के लिए उसे पांच साल तक की सजा हो सकती है। इसके अलावा अदालत उस पर 10,000 सिंगापुरी डॉलर (6,20,000 रुपये) तक का जुर्माना भी लगा सकती है।

सिंह ने अफिंदे मोहम्मद पर हमला क्यों किया? इसका खुलासा पुलिस ने नहीं किया है।

आरोप है कि 45 वर्षीय भारतीय मूल के अजीतपाल सिंह ने अगस्त 2022 में बुकिट बटोक स्ट्रीट में ले क्वेस्ट कॉन्डोमिनियम में कथित रूप से अफिंदे मोहम्मद नाम के सुरक्षा अधिकारी पर हमला किया था। इसके लिए सिंह पर सुरक्षा उद्योग अधिनियम के तहत शुक्रवार को आरोप लगाए गए हैं।

सिंगापुर के स्थानीय समाचारपत्र ने पुलिस के हवाले से बताया कि यह वारदात 29 अगस्त 2022 को दोपहर करीब 12.45 बजे हुई थी। हालांकि सिंह ने अफिंदे मोहम्मद पर हमला क्यों किया? इसका खुलासा पुलिस ने नहीं किया है। रिपोर्ट के अनुसार सिंह का मामला 15 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

बता दें कि हाल के महीनों में सुरक्षा अधिकारियों पर हिंसा का यह पहला मामला नहीं है। ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं जो सिंगापुर के अखबारों की सुर्खियां बने हैं। अक्टूबर 2022 में बेडोक में एक स्कूल के बाहर 62 वर्षीय सुरक्षा गार्ड को नीचे गिराने की धमकी देने पर बेंटले गाड़ी के ड्राइवर को आठ सप्ताह की जेल हुई थी और 600 सिंगापुरी डॉलर यानी लगभग 38,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था।

Comments

Latest