Skip to content

भारतीय-अमेरिकी सांसद ने किया चीन की चालबाजी का खुलासा, सरकार से की ये मांग

भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि चीन की बढ़ती क्षेत्रीय आक्रामकता का एक और चिंताजनक संकेत है। उसकी आक्रामक महत्वाकांक्षाओं को देखते हुए यह जरूरी है कि अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ सुरक्षा और खुफिया सहयोग का विस्तार करे।

भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने चीन की चालबाजी का खुलासा करते हुए इस बात पर चिंता जताई है कि ड्रैगन देश भारतीय सीमा पर चौकी का निर्माण कर रहा है। सांसद कृष्णमूर्ति इंटेलिजेंस पर हाउस की परमानेंट सेलेक्ट कमेटी के सदस्य भी हैं। इस नाते कृष्णमूर्ति ने अमेरिका से आग्रह किया कि वह भारत के साथ अपने खुफिया और सुरक्षा नेटवर्क का विस्तार करे।

रिपोर्ट के अनुसार चीन और भारत के बीच LAC के पार पैंगोंग त्सो झील के पास नई सैन्य चौकी बना रहा है।

दरअसल 'पोलिटिको' में 29 नवंबर को एक रिपोर्ट आई थी जिसमें उपग्रह चित्रों के आधार पर दावा किया गया था कि चीन विवादित भारतीय सीमा पर सैन्य चौकी का निर्माण कर रहा है। कांग्रेसी कृष्णमूर्ति इस संदर्भ में रिपोर्ट पर अपनी चिंता जाहिर कर रहे थे। इस रिपोर्ट के अनुसार चीन और भारत के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा के पार फैली पैंगोंग त्सो झील के पास नई सैन्य चौकी का निर्माण किया जा रहा है।

कृष्णमूर्ति ने कहा कि वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास पीपल्स लिबरेशन आर्मी द्वारा नई चौकी बनाने की खबर चीन की बढ़ती क्षेत्रीय आक्रामकता का एक और चिंताजनक संकेत है। ऐसे में अमेरिका को भारत और अन्य सुरक्षा साझेदारों के साथ संयुक्त प्रयासों को मजबूत बनाने की दरकार है।

इसी के साथ कृष्णमूर्ति ने चीन की दूसरी कारगुजारियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चीन में अब भी घरेलू स्तर पर दमनकारी नीतियां अपनाई जा रही हैं। उइगरों मुसलमानों का क्रूर उत्पीड़न किया जा रहा है। ऑनलाइन भ्रांतियां फैलाने की कुटिलता भी लगातार बढ़ रही है।

कृष्णमूर्ति ने कहा कि चीन की आक्रामक महत्वाकांक्षाओं को देखते हुए यह जरूरी है कि अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ सुरक्षा और खुफिया सहयोग का विस्तार करे ताकि यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया जा सके कि अमेरिका, भारत, ताइवान और पूरे क्षेत्र में लोकतंत्र के साथ खड़ा है।

Comments

Latest