Skip to content

US में सिख नेता गिरफ्तार, गुरुद्वारे में आग लगाने की साजिश का लगा आरोप

बेकर्सफील्ड सिटी काउंसिल के पूर्व उम्मीदवार राजवीर 'राज' सिंह गिल पर आरोप है कि उन्होंने बेकर्सफील्ड के सबसे बड़े गुरुद्वारे में से एक शहीद बाबा दीप सिंह जी खालसा की संपत्ति को आग लगाने और दरबार के सदस्यों की हत्या के लिए शूटर हायर किए थे।

राजवीर 'राज' सिंह गिल

अमेरिका के एक गुरुद्वारे में आग लगाने के संदेह में बेकर्सफील्ड सिटी काउंसिल के एक पूर्व उम्मीदवार भारतीय अमेरिकी राजवीर 'राज' सिंह को बीते दिनों गिरफ्तार किया गया। 60 वर्षीय गिल पर यह भी आरोप है कि उन्होंने गुरुद्वारा दरबार के सदस्यों को गोली मरवाने के लिए शूटर भी हायर किए थे। हालांकि गिल को फिलहाल जेल से छोड़ दिया गया है।

शहीद बाबा दीप सिंह जी खालसा दरबार बेकर्सफील्ड के सबसे अच्छे गुरुद्वारों में से एक है।

मिली जानकारी के अनुसार गिल को पिछले शनिवार एक अस्थायी निरोधक आदेश के तहत हिरासत में लिया गया था। गिल पर आरोप है कि उन्होंने बेकर्सफील्ड के सबसे बड़े गुरुद्वारे में से एक शहीद बाबा दीप सिंह जी खालसा की संपत्ति को आग लगाने और दरबार के सदस्यों को गोली मरवाने के लिए शूटर हायर किए थे। बेकर्सफील्ड कैलिफोर्निया के केर्न काउंटी का एक शहर है।

गुरुद्वारे के बुजुर्ग सुखविंदर सिंह रंगी ने आरोप लगाते हुए कहा कि गिल ने हाल के महीनों में गुरुद्वारे की संपत्ति पर प्रदर्शन किया, प्रार्थनाओं को बाधित किया और मंडली के सदस्यों को धमकाया। एक बार तो गिल ने बंदूक लेकर भी धमकाया था। रंगी का आरोप है कि गिल की बार-बार मंडली के सदस्यों से टकराव की वजह दान के 8,00,000 डॉलर हैं। लगता है कि इस रकम को लेकर गिल के मन में लालच आ रहा है।

सुखविंदर सिंह रंगी ने आरोप लगाया कि गिल ने मंडली के कुछ नेताओं को मारने के लिए शूटर्स को 10,000 डॉलर की पेशकश की थी। उनके घरों की जानकारी भी शूटर्स को दी थी। शूटर्स के एक सहयोगी ने इस बारे में गुरुद्वारे को बता दिया। रंगी का आरोप है कि गिल ने गुरुद्वारे को जलाने के लिए भी साजिश रची थी।

हालांकि गुरुद्वारे में प्रार्थना करने आने वाली कांउसिल वुमेन मनप्रीत कौर ने कहा कि वह गिल के खिलाफ निरोधक आदेश के बारे में तो जानती हैं लेकिन गुरुद्वारे और गिल के बीच संघर्ष से अनजान हैं। उन्होंने स्थानीय मीडिया के सामने इन आरोपों से इंकार भी किया है।

गौरतलब है कि शहीद बाबा दीप सिंह जी खालसा दरबार बेकर्सफील्ड के सबसे अच्छे गुरुद्वारों में से एक है। यहां अक्टूबर के अंत में एक वार्षिक उत्सव आयोजित होता है जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होते हैं। इस गुरुद्वारे के लगभग 500 से अधिक सदस्य हैं।

Comments

Latest