Skip to content

फ्रांस में किसने कहा- 2027-28 तक विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था होगा भारत

गोयल ने कहा कि आज हर कोई दुनिया की चुनौतियों को हल करने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की ओर देख रहा है। भारत फ्रांस के साथ साझेदारी को बहुत महत्व देता है।

@PiyushGoyal

भारत सरकार के मंत्री पीयूष गोयल इन दिनों फ्रांस यात्रा पर हैं। गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत 2027-28 तक विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। फ्रांस में प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अभी हम पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं मगर 2027-28 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होंगे। भारत आज 3.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था है और 2047 तक 30-35 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उस वक्त हम आजादी के 100 साल का जश्न मनाएंगे।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने कहा कि पिछले साल भारत का निर्यात 676 अरब अमेरिकी डॉलर था। हमारा लक्ष्य युवा और उत्साही भारतीयों की भावनाओं को प्रकट करना था। आजादी के 75वें वर्ष में हमने निर्यात में 750 अरब डॉलर का लक्ष्य पार कर लिया है। आज हम एक बढ़ते देश के रूप में उभर रहे हैं। दुनिया की फार्मेसी के रूप में, दुनिया के खाद्य कटोरे के रूप में और अन्य देशों के लिए एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में।

गोयल ने कहा कि आज हर कोई दुनिया की चुनौतियों को हल करने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की ओर देख रहा है। भारत फ्रांस के साथ साझेदारी को बहुत महत्व देता है। मुझे यकीन है कि आप में से प्रत्येक व्यक्ति यह मानता है कि यह साझेदारी अवसरों और दोस्ती दोनों ही मामलों में और विकास करेगी। हमारी साझेदारी को आगे बढ़ाने में आप सभी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

पीयूष गोयल ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा नेता हैं और वह भारत और दुनिया की देखभाल करने की प्रतिबद्धता के लिए भी जाने जाते हैं। इसलिए कि हम 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' की अवधारणा में विश्वास करते हैं। दुनिया उनके नेतृत्व की ओर देख रही है।

उन्होंने भारतीय प्रवासियों की सराहना करते हुए कहा कि आज का भारत क्षमता, सामर्थ्य, योग्यता और आत्मविश्वास से लबरेज है। यह वह नया भारत है जिसका आप में से प्रत्येक प्रतिनिधित्व करता है। राष्ट्रदूत के रूप में आप अपनी कर्मभूमि और मातृभूमि में योगदान दे रहे हैं।

Comments

Latest