Skip to content

कनाडा के इस आतंकवादी का पता बताने वाले को भारत देगा $25,000

NIA के अनुसार लांडा पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है और इस वक्त कनाडा के अल्बर्टा के एडमोंटन में रहता है। जो भी लांडा की जानकारी NIA तक पहुंचाएगा, उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। भारत सरकार लांडा को आंतकवादी मानती है।

भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कनाडा में रह रहे लखबीर सिंह संधू उर्फ लांडा की गिरफ्तारी करवाने या उसके बारे में सूचना देने वाले को 25,000 डॉलर यानी लगभग 15 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पिछले साल मई के महीने में पंजाब राज्य के मोहाली में पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर हमले में लांडा का हाथ बताया जाता है।

NIA ने कहा है कि लांडा की जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। NIA के अनुसार लांडा पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है और इस वक्त कनाडा के अल्बर्टा के एडमोंटन में रहता है। पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर जिस शख्स ने रॉकेट दागा था, उसे NIA ने जनवरी में उत्तर प्रदेश राज्य के गोरखपुर से गिरफ्तार किया था। दीपक रंगा कनाडा स्थित लांडा का करीबी है।

भारत सरकार लांडा को आंतकवादी मानती है। रंगा के गैंगस्टर से आंतकवादी बनकर पाकिस्तान में जा बसे हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा के साथ भी संबंध बताए जाते हैं। पंजाब के खुफिया मुख्यालय पर जो रॉकेट दागा गया था वो काफी ताकतवर था लेकिन दीवार से टकराने के बाद वह फटा नहीं था। इससे किसी को चोट नहीं आई थी। हालांकि इस घटना ने पंजाब में दहशत फैला दी थी। 20 सितंबर 2022 को NIA ने इस सिलसिले में मामला दर्ज किया।

जांच से पता चला कि जिन्होंने इस हमले को अंजाम दिया था, वह आतंकवादी संगठन विदेशों में स्थित हैं। ये संगठन भारत के उत्तरी राज्यों में हिंसक आपराधिक कृत्यों को अंजाम देने के लिए पंजाब के कई गिरोह के साथ मिलकर काम कर रहे थे। ये आतंकवादी संगठन सीमापार हथियारों, गोला-बारूद, विस्फोटक आदि की तस्करी में भी लगे थे।

Comments

Latest