भारत हो या दुनिया में कहीं रहने वाले हिंदू, दीपावली पर्व उनके लिए बहुत विशेष होता है। अमेरिका के टैक्सास में रहने वाले हिंदू आने वाले वर्षों में अपने सबसे लोकप्रिय त्योहार दिवाली पर लिएंडर इंडिपेंडेंट स्कूल डिस्ट्रिक्ट (LISD) के सभी स्कूलों में छुट्टी की मांग कर रहे हैं। इसके लिए कुछ महीने पहले Change.org पर एक याचिका के माध्यम से अभियान शुरू किया गया है। बताया गया है कि यह मुहिम भारतीय मूल के विक शाही की ओर से चलाया गया है।
दीपावली पर छुट्टी के लिए इस मुहिम को 1707 हस्ताक्षर प्राप्त हुए हैं। बताया गया है कि पास के राउंड रॉक इंडिपेंडेंट स्कूल डिस्ट्रिक्ट (ISD) ने 2022 में दीपावली के दिन 24 अक्टूबर को छात्रों के लिए छुट्टी की घोषणा की थी। स्थानीय स्तर पर प्रसिद्ध हिंदू राजनीतिज्ञ राजन जेड ने बुधवार को नेवादा में एक बयान में कहा कि एलआईएसडी स्कूलों में हिंदू छात्रों के साथ यह व्यवहार ठीक नहीं है। उन्हें अपने सबसे लोकप्रिय त्योहार पर स्कूल जाना पड़ता है, जबकि हकीकत ये है किस्कूल अन्य धार्मिक अवसरों पर बंद रहते हैं।

यूनिवर्सल सोसाइटी ऑफ हिंदुइज्म के अध्यक्ष राजन जेड ने कहा कि चूंकि हिंदू परिवारों के लिए अपने बच्चों के साथ घर पर एक साथ दिवाली का उत्सव मनाना महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में दिवाली पर स्कूलों को बंद करने से यह सुनिश्चित होगा कि एलआईएसडी उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार कर रहा है। राजन जेड ने कहा कि स्कूल के लिए हिंदू विद्यार्थियों की धार्मिक और आध्यात्मिक जरूरतों को पूरा करना महत्वपूर्ण है। राजन ने सवाल किया कि अगर स्कूलों ने अन्य धार्मिक दिनों के आसपास छुट्टियां घोषित की हैं तो दिवाली पर अवकाश क्यों नहीं? राजन ने कहा कि सभी प्रमुख धर्मों की छुट्टियों का सम्मान किया जाना चाहिए और किसी को भी अपने धर्म का पालन करने के लिए दंडित नहीं किया जाना चाहिए।
राजन ने एलआईएसडी को दिवाली को आधिकारिक अवकाश के रूप में घोषित करने पर गंभीरता से विचार करने का सुझाव दिया है। जेड ने कहा कि दिवाली जैसी छुट्टियों से 'अन्य' धर्मों के बारे में जागरूकता पैदा होने से स्कूल के छात्रों को मदद मिलेगी। राजन ने एलआईएसडी अधीक्षक डॉ ब्रूस गियरिंग और ट्रस्टी बोर्ड के अध्यक्ष त्रिश बोडे से आग्रह किया कि वे अपने स्कूलों में दिवाली को आधिकारिक अवकाश के रूप में जोड़ने की दिशा में काम करें।
राजन जेड का कहना है कि हिंदू धर्म, त्योहार को लेकर अत्यंत ही समृद्ध है। धार्मिक त्योहार हिंदुओं के लिए बहुत प्रिय और पवित्र होते हैं। रोशनी के त्योहार दिवाली का उद्देश्य अंधेरे को दूर करना और जीवन को रोशन करना है। यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म दुनिया का सबसे प्राचीनतम और तीसरा सबसे बड़ा धर्म है। मोक्ष (मुक्ति) इसका अंतिम लक्ष्य है। अमेरिका में करीब 30 लाख हिंदू रहते हैं।