कनाडा के येलोनाइफ शहर में उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों की विधानसभा के पहले दिन हिंदू धार्मिक ग्रंथों के अनुसार प्रार्थना का एक कार्यक्रम तय किया गया है। कनाडा की इस विधानसभा में ऐसा पहली बार हो रहा है। 21 अगस्त के दिन इस विधानसभा में कनाडा स्थित हिंदू राजनेता राजन जेड ये पाठ करेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार दुनिया के सबसे पुराने प्रचलित धर्मग्रंथों में से एक ऋग्वेद समेत उपनिषदों और भगवदगीता की भी कुछ श्लाकों का राजन जेड मंगलाचरण करेंगे। वह पहले संस्कृत भाषा में इन्हें पढ़ेंगे इसके बाद वह प्रार्थनाओं का अंग्रेजी अनुवाद भी करेंगे। हिंदू धर्म में संस्कृत भाषा को एक पवित्र भाषा और भारतीय-यूरोपीय भाषाओं की मूल भाषा माना जाता है।
https://twitter.com/CoHNAOfficial/status/1663409799600414722
राजन जेड यूनिवर्सल सोसाइटी ऑफ हिंदूइज्म के अध्यक्ष हैं। वह प्रार्थना की शुरुआत और समाप्ति ओम के उच्चारण के साथ करेंगे। ओम हिंदू धर्म में एक रहस्यमय शब्दांश है जिसको लेकर मान्यता है कि इसमें पूरा ब्रह्मांड समाहित है। इसका हिंदू धर्म में उपयोग धार्मिक कार्यों को शुरू और समाप्त करने के दौरान किया जाता है।
राजन जेड बृहदारण्यकोपनिषद से पाठ करते हुए भगवदगीता से ‘असतो मा सद गमय, तमसो मा ज्योतिर्गमय, मृत्योर ममृतं गमय’ का उच्चारण करेंगे। इसके बाद वह इसकी व्याख्या करेंगे कि हमें असत्य से वास्तविकता की ओर ले चलो, हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले चलो और हमें मृत्यु से अमरत्व की ओर ले चलो। वह मौजूद सदस्यों और उपस्थित अन्य लोगों से सभी के कल्याण के लिए ध्यान लगाने का भी आग्रह करेंगे।

आपको बता दें कि राजन जेड एक वैश्विक हिंदू और अंतर्धामिक नेता हैं। उन्हें विश्व अंतर्धार्मिक नेता पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वह जेड द इंटरफेथ पीस प्रोजेक्ट के सलाहकार बोर्ड के सदस्य के अलावा फाउंडेशन फॉर रिलिजियस डिप्लोमेसी के सीनियर फेलो और धार्मिक सलाहकार हैं। वे वाशिंगटन पोस्ट द्वारा निर्मित धर्म पर एक प्रतिष्ठित संवादात्मक बातचीत ‘ऑन फेथ’ के लिए पैनलिस्ट रहे हैं।
मालूम हो कि हिंदू धर्म दुनिया का सबसे पुराना और तीसरा सबसे बड़ा धर्म है। इसके विश्वभर में लगभग 120 करोड़ अनुयायी हैं। कनाडा के उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों की इस विधानसभा का इतिहास 1951 से है। यह विधानसभा दलीय राजनीति के बजाय सरकार की आम सहमति प्रणाली पर चलती है। इसके 19 सदस्य हैं और फ्रेडरिक ब्लेक जूनियर इसके अध्यक्ष हैं।
#India #Indiadiaspora #Indianorigin #Hindu #Hinduism #Om #Indian #NewIndiaAbroad #IndiaAbroad