Skip to content

विदेशी जमीं पर योग का प्रसार करने वालों को पुरस्कार देगी भारत सरकार

भारत के आयुष मंत्रालय के अनुसार दो राष्ट्रीय पुरस्कार भारतीय मूल की संस्थाओं को दिए जाएंगे और दो अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार होंगे जो विदेशी जमीं पर काम करने वाली भारतीय मूल की संस्थाओं को दिए जाएंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 31 मार्च 2023 है।

Photo by JD Mason / Unsplash

योग का विश्वभर में प्रचार और प्रसार करने वालों को भारत की मौजूदा सरकार ने सम्मानित करने का फैसला किया है। यह पुरस्कार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर दिए जाएंगे। सरकार ने इसके लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विजेताओं का ऐलान 21 जून 2023 यानी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर किया जाएगा। सरकार इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विश्व स्तर पर बड़े पैमाने पर सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने में भी जुटी है।

नामांकन की आखिरी तारीख 31 मार्च 2023 है।

भारत के आयुष मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दो राष्ट्रीय पुरस्कार भारतीय मूल की संस्थाओं को दिए जाएंगे और दो अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार होंगे जो विदेशी जमीन पर काम करने वाली भारतीय मूल की संस्थाओं को दिए जाएंगे। इनमें विदेशी मूल की संस्थाओं को वरीयता दी जा सकती है।

मंत्रालय ने बताया कि पुरस्कार के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। विजेताओं की घोषणा 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2023) पर की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया MyGov प्लेटफॉर्म (https://innovateindia.mygov.in/pm-yoga-awards-2023/) पर होस्ट की गई है। इसके अलावा आयुष मंत्रालय की वेबसाइट और राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर भी इसके लिंक उपलब्ध होंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 31 मार्च 2023 है।

मंत्रालय ने बताया कि चयन की प्रक्रिया दो समितियों द्वारा पूरी की जाएगी। इसमें स्क्रीनिंग समिति और जूरी शामिल होगी। जूरी की अध्यक्षता कैबिनेट सचिव करेंगे। इसमें प्रधानमंत्री के सलाहकार, विदेश सचिव, आयुष मंत्रालय के सचिव जैसे प्रमुख अधिकारी होंगे।

आयुष मंत्रालय ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मंत्रालय विश्व स्तर पर अधिक से अधिक सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी कर रहा है। मंत्रालय WHO के mYoga ऐप, नमस्ते ऐप, वाई-ब्रेक एप्लिकेशन और विभिन्न जन-केंद्रित गतिविधियों और कार्यक्रमों का उपयोग करके योग के लाभों का प्रचार करेगा। MyGov प्लेटफॉर्म पर IDY प्रतिज्ञा, मतदान/सर्वेक्षण, IDY जिंगल, IDY क्विज और योग माई प्राइड नाम की फोटोग्राफी प्रतियोगिता आदि कार्यक्रम भी चलाएगा।

Comments

Latest