टाइम्स स्क्वायर और न्यूयॉर्क सिटी को दिवाली के रंगों से रोशन करने की तैयारियां जोरों पर हैं। सौजन्य है ए आर हेल्पिंग हैंड्स- गोपी डेयरी और तारीख है 27-28 अक्तूबर। भारत के बाहर सबसे बड़े दक्षिण एशियाई और इंडो-कैरेबियाई त्योहार के रूप में यह आयोजन 2013 से ही खुशी का एक वार्षिक प्रतीक रहा है।

इसी के साथ यह आयोजन दिवाली के वास्तविक संदेश का भी प्रसार कर रहा है। यानी विविधता, समानता और समावेशन। ज्ञान के प्रकाश से आंतरिक अंधेरे को दूर करने का यह जतन हर साल एक उत्सव के रूप में हमारे और दुनिया के सामने आता है।

आयोजकों को कहना है कि यह भारत की समृद्ध कला और संस्कृति को प्रदर्शित करके प्रेम, शांति, सद्भाव और एकजुटता का संदेश देता है। इस वर्ष हम दुनिया के सबसे बड़े चौराहे यानी टाइम्स स्क्वायर पर NYC स्कूलों के बच्चों के साथ पहली बार दिवाली पर छुट्टी का उत्सव भी मनाने वाले हैँ।
इसी उत्सव को लेकर 15 सितंबर, 2023 को भारत के महावाणिज्य दूतावास, न्ययॉर्क ने अपने परिसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। यह आगामी भव्य उत्सव की शुरुआत थी। सबसे पहले महावाणिज्यदूत रणधीर जयसवाल ने मीडिया और सभी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उसके बाद कांग्रेसी ग्रेगरी मीक्स और असेंबली सदस्य जेनिफर राजकुमार ने मीडिया और लोगों के सामने अपनी बात रखी। गौरतलब है कि दिवाली पर NYC के स्कूलों की छुट्टी रखने के पीछे एक प्रेरक शक्ति रही हैं जेनिफर राजकुमार। जेनिफर के साथ NYC मेयर एरिक एडम्स भी थे।
लिहाजा, दिवाली के साथ ही दिवाली की पहली स्कूली छुट्टी के जश्न को लेकर भारत के महावाणिज्यदूत रणधीर जयसवाल ने कहा कि इस बार हमारे लिए रोशनी का यह त्योहार वाकई खास है। इस बार हम एक विशेष कारण से युवा नायिका जेनिफर के सफल और सार्थक प्रयासों का भी जश्न मना रहे हैं। यह भारत और अमेरिका की साझा प्रतिबद्धताओं और चुनौतियों का भी उत्सव है।

राजकुमार ने कहा कि बड़े काम आप अकेले नहीं कर सकते। मेरे हिंदू मूल्य ही हैं जो मुझे यहां लेकर आए। हम उन्हीं मूल्यों का जश्न मनाते हैं। इस बार टाइम्स स्क्वायर पर मनाने वाले हैँ। इस अवसर पर 'गोपी डेयरी दिवाली एट टाइम्स स्क्वायर' की संस्थापक नीता भसीन ने उत्सव के बारे में विस्तार से लोगों को बताया।