Skip to content

G20 बैठक में पश्चिम के तीखे तेवर, रूसी विदेश मंत्री ने भारत से क्यों मांगी माफी

रूस और अन्य देशों के बीच मतभेदों को चलते इस बार भी जी20 बैठक के बाद पारंपरिक फोटो सेशन नहीं हुआ। जी7 देशों के विदेश मंत्रियों ने रूस के विदेश मंत्री के साथ साझा फोटो खिंचवाने से इंकार कर दिया।

रूस के विदेश मंत्री लावरोव

भारत में गुरुवार को हुई जी20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में अमेरिका समेत तमाम यूरोपीय देशों ने यूक्रेन को लेकर रूस के साथ तीखी बहस की। इन देशों ने रूस पर दबाव बनाते हुए संघर्ष को समाप्त करने का आह्वान किया। साथ ही आरोप लगाया कि रूस ने दुनिया को अस्थिर बना दिया है। वहीं रूस ने बैठक में कहा कि पश्चिमी देशों के प्रतिनिधिमंडलों के अभद्र व्यवहार के लिए वह भारत से माफी मांगना चाहता है, जिन्होंने जी20 को तमाशे में बदल दिया है। भारी मतभेद की वजह से पारंपरिक सामूहिक फोटो सेशन भी नहीं हुआ।

जी20 देशों के विदेश मंत्री नई दिल्ली में एक दिवसीय बैठक के लिए एकजुट हुए थे।

मालूम हो कि G20 एक आर्थिक समूह है जिसमें अमीर G7 देशों के साथ-साथ रूस, चीन, भारत, ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया और सऊदी अरब सहित अन्य देश शामिल हैं। गुरुवार को जी20 देशों के विदेश मंत्री नई दिल्ली में बैठक के लिए एकजुट हुए थे। यह बैठक इसलिए भी खास थी कि यूक्रेन पर रूसी हमले को एक साल पूरा हो चुका है और इस बैठक में रूस के विदेश मंत्री भी मौजूद थे।

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की ओर से पत्रकारों को बयान जारी किया गया। इसमें ब्लिंकन ने कहा कि हम वैश्विक शांति और आर्थिक स्थिरता के लिए रूस से युद्ध को समाप्त करने और यूक्रेन से अपनी सेना को वापस लेने का आह्वान करते हैं। ब्लिंकन ने बैठक के बेनतीजा रहने का दोष रूस पर मढ़ते हुए कहा कि दुर्भाग्य से यूक्रेन पर रूस के अकारण और अनुचित युद्ध की वजह से यह बैठक फिर से खराब हो गई। ब्लिंकन के इस बयान को जर्मनी, फ्रांस और नीदरलैंड के उनके समकक्षों का समर्थन था।

दूसरी ओर रूस के विदेश मंत्री लावरोव ने वैश्विक राजनीतिक और आर्थिक संकट के लिए पश्चिम पर दोष मढ़ा। लावरोव ने अपने बयान में कहा कि कई पश्चिमी प्रतिनिधिमंडलों ने जी20 एजेंडे पर काम को तमाशा बना दिया है। इसके लिए पश्चिमी प्रतिनिधिमंडलों के अभद्र व्यवहार के लिए मैं भारत से मांफी मांगता हूं। उन्होंने कहा कि ये देश अर्थव्यवस्था में अपनी नाकामी के लिए रूसी संघ को जिम्मेदार ठहराना चाहते हैं।

इस बार भी नहीं ली गई फैमिली फोटो

रूस के साथ अमेरिका समेत यूरोपीय देशों के तीखे मतभेदों की वजह से जी20 देशों के विदेश मंत्रियों की साझा तस्वीर नहीं ली गई। जी7 देशों के विदेश मंत्री रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ फ्रेम साझा करने के लिए सहमत नहीं हुए। G7देशों में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली और जापान आते हैं। इससे पहले इंडोनेशिया के बाली में साल 2022 में विदेश मंत्रियों की बैठक में भी जी7 देशों ने फैमिली फोटो को ठुकरा दिया था।

Comments

Latest