बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान को चाहने वाले लोग दुनिया भर में फैले हुए हैं। भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनैन भी इनमें से एक हैं। हाल ही में नीता-मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) के भव्य उद्घाटन के दौरान इमैनुएल शाहरुख खान से मिले और साथ में तस्वीर खींची। फ्रांसीसी राजदूत ने ट्विटर पर तस्वीर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने शाहरुख को फ्रांस में अपनी फिल्मों की शूटिंग के लिए मनाने की भी कोशिश की। ऐसा इसलिए कि फ्रेंच लोगों को भी बॉलीवुड फिल्में पसंद हैं।
Met the great Shah Rukh Khan yesterday in Mumbai. Tried to convince him to come and shoot again in France. French people would love to see more of Bollywood!@iamsrk pic.twitter.com/NsDPsUp5oe
— Emmanuel Lenain (@E_Lenain) April 2, 2023
शाहरुख खान के साथ अपनी तस्वीर साझा करते फ्रांसीसी राजदूत ने ट्विटर पर लिखा कि महान कलाकार शाहरुख खान से मुंबई में मुलाकात हुई। मैंने उन्हें फ्रांस आने और फिर से शूटिंग करने के लिए मनाने की कोशिश की। फ्रांसीसी लोग बॉलीवुड की और भी फिल्में देखना चाहेंगे।
शाहरुख को साल 2014 में फ्रांस के शीर्ष नागरिक पुरस्कार 'नाइट ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें उस समय फ्रांस के विदेश मंत्री लॉरेंट फेबियस द्वारा यह पुरस्कार दिया गया था। शिवाजी गणेशन, कमल हासन और सौमित्र चटर्जी जैसे गिने-चुने अभिनेताओं को ही यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है।
मालूम हो कि शाहरुख हाल ही में अपनी एक्शन फिल्म पठान के जरिए चार साल के बाद पर्दे पर लौटे हैं। इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद किया है। फिल्म में दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम जैसे कलाकार भी हैं। पठान को अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बताया जा रहा है। इस फिल्म का ग्लोबल कलेक्शन 1,050 करोड़ रहा है। इस फिल्म की शूटिंग दुबई, लेबनान, मोरक्को, स्पेन और अफगानिस्तान में कई स्थानों पर हुई थी।
NMACC के कार्यक्रम में फ्रांसीसी एंबेसडर ने जहां नीले रंग की टाई के साथ गहरे नीले रंग का सूट पहना था, वहीं शाहरुख काले रंग की ड्रेस में नजर आए। NMACC के दूसरे दिन ‘इंडिया इन फैशन: द इंपैक्ट ऑफ इंडियन ड्रेस एंड टेक्सटाइल्स ऑन द फैशनेबल इमेजिनेशन’ नाम से एक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई थी। NMACC के पहले दिन भारतीय कलाकारों के गायन और नृत्य कार्यक्रम हुए। NMACC की संरक्षक और संस्थापक नीता अंबानी ने भी मंच पर प्रस्तुति दी।