Skip to content

GOPIO का इस साल तीसरा सफल आयोजन, एडिसन लाइब्रेरी के साथ मनाया जश्न

GOPIO–Edison की गतिविधियों को इसी साल फिर से शुरू किया गया है। 10 अप्रैल को भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ मिलकर लाइब्रेरी में 'इंडिया बुक लॉन्च' का आयोजन किया गया। 6 नवंबर को निवेश और रिटायरमैंट योजनाओं पर कार्यक्रम हुआ।

ग्लोबल ऑर्गनाइजेश ऑफ पीपल ऑफ इंडियन ओरिजन, एडिसन, न्यूजर्सी चैप्टर (GOPIO-Edison, NJ) ने एडिसन पब्लिक लाइब्रेरी के साथ मिलकर दिवाली का जश्न मनाया और धन्यवाद समारोह की मेजबानी की। कार्यक्रम में बड़ी तादाद में लोगों ने परिवार के साथ हिस्सा लिया। मार्च 2022 में रीलॉन्च होने के बाद GOPIO का यह तीसरा सफल आयोजन था।

कार्यक्रम की शुरुआत एडिसन काउंसिलमैन अजय पाटिल, GOPIO एडिसन चैप्टर की अध्यक्ष पल्लवी वर्मा बेलवारियर और GOPIO के आजीवन सदस्य डॉ. रमेश पांडे सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित से हुई। GOPIO-Edison टीम के सदस्य भी दीप प्रज्ज्वलन में शामिल हुए। इस मौके पर लाइब्रेरी हॉल को फूल-मालाओं, फोटोबूथ और वेलकम डेस्क के साथ खूबसूरती से सजाया गया था।

कार्यक्रम का आयोजन चाय के साथ पंजीकरण नेटवर्किंग से शुरू हुआ। एडिसन पब्लिक लाइब्रेरी के उत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बहुत से लोग अपने परिवार के साथ आए थे। GOPIO–Edison चैप्टर की अध्यक्ष पल्लवी वर्मा ने उत्सव में शामिल होने आए सभी लोगों का स्वागत किया। उन्होंने दो प्रमुख समारोहों में आने के लिए समुदाय के लोगों की सराहना की।

उन्होंने GOPIO–Edison के बारे में संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया कि संस्था की गतिविधियों को इसी साल दोबारा से शुरू किया गया है। इसी क्रम में लाइब्रेरी में भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ मिलकर 10 अप्रैल को 'इंडिया बुक लॉन्च' का आयोजन किया गया। 6 नवंबर को निवेश और रिटायरमैंट योजनाओं पर कार्यक्रम हुआ। दोनों ही कार्यक्रमों में समुदाय के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन सृष्टि अग्रवाल और अनुमेधा सक्सेना ने शानदार तरीके से किया।

Comments

Latest