भारत और हिंदुओं के प्रमुख त्योहार दीपावली के दिन अवकाश घोषित करने के बाद अब अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में पहली बार 5 नगरीय दीपावली यात्रा का भी आयोजन किया जा रहा है। न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली वुमेन भारतीय मूल की जैनिफर राजकुमार और न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स ने इस यात्रा को प्रायोजित किया है, जिसका एक कार्यक्रम 17 अक्टूबर को ग्रेसी मेंशन में हुआ। इस वर्ष दीपावली 12 नवंबर को है।
आपको बता दें कि दीपावली से जुड़ा एक कार्यक्रम 28 अक्टूबर को टाइम्स स्कवायर पर शाम साढ़े चार बजे आयोजित होगा। इसके बाद ब्रोंक्स के नोबल एवेंन्यू स्थित विष्णू मंदिर में 4 नवंबर को आयोजित होगा। ब्रोकलिन की शेरमेरहॉर्न स्ट्रीट स्थित इस्कॉन न्यूयॉर्क सिटी के हरे कृष्णा सेंटर में 12 नवंबर को शाम साढ़े 6 बजे होगा और इसी दिन रात्रि साढ़े 8 बजे एक कार्यक्रम स्टेटन आइलैंड के स्टेटन आइलैंड हिंदू मंदिर में भी आयोजित होगा। एक आखिरी कार्यक्रम अगले दिन 13 नवंबर को क्वींस के बाउनी स्ट्रीट पर BAPS श्री स्वामी नारायण मंदिर में होगा।
EXCITING! I am hosting the first ever 5 Borough Diwali Tour with @NYCMayor! This year, I was proud to lead and win the fight to make Diwali a School Holiday with passage of my bill in Albany.
— Assemblywoman Jenifer Rajkumar (@JeniferRajkumar) October 17, 2023
Join us in Gracie Mansion, Times Square & every borough to celebrate Diwali in NYC! pic.twitter.com/MwdKK1YaFm
न्यूयॉर्क में अपने निवास स्थान ग्रेसी मेंशन पर मेयर एरिक एडम्स ने आयोजित दीपावली के प्रोग्राम में कहा कि दीपावली अंधेरे को दूर करने और प्रकाश लाने की याद दिलाती है। एरिक ने इस मौके पर भगवान राम, देवी सीता और महात्मा गांधी की राह पर चलकर एक बेहतर इंसान बनने की सलाह दी।
एडम्स ने इस मौके पर कहा कि दिवाली एक छुट्टी से कहीं अधिक है। यह हमें दिशा देती है कि जहां भी अंधेरा दिखे उसे दूर करना चाहिए और रोशनी लानी चाहिए। हम इतना अंधकार हर दिन देख रहे हैं। अगर हमें वास्तव में रामायण में विश्वास है, माता सीता के जीवन पर विश्वास है और हम गांधी पर भरोसा करते हैं तो हमें इनके नक्शे-कदम पर चलना चाहिए। हम सिर्फ उपासक नहीं हो सकते, हमें अभ्यासी भी होना चाहिए।
We're gearing up for the Festival of Lights! Join us LIVE at Gracie Mansion for our annual Diwali celebration with our Hindu New Yorkers: https://t.co/y6NnRxIDOM
— NYC Mayor's Office (@NYCMayorsOffice) October 17, 2023
वहीं इस कार्यक्रम में मौजूद न्यूयॉर्क स्टेट असेंलबी वुमेन जेनिफर राजकुमार ने कहा कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय कभी भी इतना शक्तिशाली नहीं था जितना अब है। हम अजेय हैं और हम इस राज्य में सत्ता की मेज पर पहुंच गए हैं। दुनिया में जो कुछ भी चल रहा है उसमें हम ही हैं जो शांति का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।
राजकुमार ने कहा कि हमारी संस्कृति मार्टिन लूथर किंग जूनियर की संस्कृति है जो प्रसिद्ध रूप से गांधी से प्रेरित थे। अब शहर में, मीडिल ईस्ट में और पूरी दुनिया में हमारी खूबसूरत धार्मिक रोशनी फैलाने का समय आ गया है।
इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय मामलों के लिए न्यूयॉर्क शहर के मेयर कार्यालय के उपायुक्त भारतीय अमेरिकी दिलीप चौहान भी मौजूद थे। उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि ब्रुकलिन बरो के अध्यक्ष के रूप में एडम्स ने वादा किया था कि जब वह न्यूयॉर्क शहर के मेयर बनेंगे तो वह यह सुनिश्चित करेंगे कि भारतीय-अमेरिकी और हिंदू समुदाय के बेटे और बेटियों को दिवाली के त्योहार पर स्कूल न जाना पड़े और उन्होंने अपना वादा पूरा किया है।