Skip to content

अमेरिका-यूरोप के बाजार में भारत के नक्काशीदार फर्नीचर की मांग बढ़ी

प्रदर्शनी में 3000 प्रदर्शकों ने 400 विभिन्न श्रेणी के उत्पादों को प्रदर्शित किया है। प्रदर्शनी में यूरोप, संयुक्त राज्य अमेरिका, खाड़ी देशों समेत विश्वभर के करीब 100 देशों से पांच हजार विदेशी खरीदार शिरकत कर रहे हैं। प्रदर्शनी में जम्मू और कश्मीर के उत्पादों की विशेष थीम पवैलियन प्रदर्शित की गई है।

शिल्प प्रदर्शनी में विदेशी सैलानी। Image : NIA

अमेरिका और यूरोप के बाजारों में भारतीय कलाकारों और कारीगरों के हाथ से बने नक्काशीदार फर्नीचर की मांग बढ़ गई है। इसीलिए भारत के उत्तरप्रदेश के नोएडा में इंडिया एक्सपो मार्ट प्रदर्शनी में भारतीय कलाकार विदेशी खरीदारों की मांग के हिसाब से माल तैयार करके लाए हैं। प्रदर्शनी में विदेशी ग्राहक और सैलानी नक्काशीदार फर्नीचर को पसंद कर रहे हैं।

Image : NIA

इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 12 अक्तूबर को भारतीय हस्तशिल्प एवं उपहार प्रदर्शनी शुरू हुई है। यह प्रदर्शनी 16 अक्तूबर तक चलेगी। इस प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी भी आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार प्रदर्शनी में 3000 प्रदर्शकों ने 400 विभिन्न श्रेणी के उत्पादों को प्रदर्शित किया है। प्रदर्शनी में यूरोप, संयुक्त राज्य अमेरिका, खाड़ी देशों समेत विश्वभर के करीब 100 देशों से पांच हजार विदेशी खरीदार शिरकत कर रहे हैं। हस्तशिल्प मेले के इस 56वें संस्करण में विशेष रूप से फर्नीचर और फैशन आभूषण पर जोर दिया गया है।

इस बार विदेशी बाजारों में भारतीय फर्नीचर की बेहतर गुणवत्ता और नक्काशी वाले कार्य की मांग बढ़ी है। इसीलिए उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, सहारनपुर, वाराणसी और दिल्ली तथा राजस्थान के प्रदर्शक बड़े पैमाने पर फर्नीचर उत्पादों को नए कलेवर के साथ लेकर आये हैं।

एक्सोर्ट प्रोमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स (EPCH) की ओर से आयोजित इस हस्तशिल्प मेले का शुभारंभ परिषद के अध्यक्ष दिलीप बैद्य ने किया। काउंसिल के महासचिव राकेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष खरीदार कंपनियों के प्रतिनिधियों को आकर्षित करने के लिए खासतौर पर ग्रीन उत्पाद या पर्यावरण संरक्षण वाले उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी में घरेलू सामान, साज-सज्जा, फर्नीचर, उपहार, फैशन आभूषण, सजावटी सामान, स्पा और वेलनेस, कालीन, हस्तनिर्मित कागज उत्पाद, स्टेशनरी और चमड़े के बैग आदि प्रदर्शित किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी में जम्मू और कश्मीर के उत्पादों की विशेष थीम पवैलियन प्रदर्शित की गई है।

EPCH के अध्यक्ष दिलीप वैद्य ने बताया कि यूरोप और अमेरिकी देशों की ओर से इस वर्ष मांग के अनुसार टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों पर प्रदर्शकों का अधिक जोर रहेगा। प्रदर्शनी में इसी थीम पर उत्पाद दिखाई देंगे। प्रदर्शनी में 100 देशों से करीब पांच हजार खरीदारों ने आने की हामी भरी है।

Comments

Latest