Skip to content

खुद को NRI डॉक्टर बता महिला को दिखाए शादी के ख्वाब, ठग लिए लाखों

पुलिस ने बताया कि महिला साइबर ठगी का शिकार हुई है। ये ठग मैट्रिमोनियल साइटों पर अपने अंतरराष्ट्रीय रोमिंग नंबर छोड़ देते हैं और ब्रिटेन में होने का नाटक करते हैं लेकिन असल में वे भारत में ही होते हैं और ठगी करते हैं।

सांकेतिक तस्वीर Photo by Liquid (Artiste) Arya / Unsplash

खुद को यूके का एनआरआई डॉक्टर बताकर एक शख्स ने भारतीय महिला को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। उसने 36 वर्षीय महिला से शादी करने का वादा किया। फिर भारत आने की बात कहकर मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों द्वारा पकड़े जाने की कहानी सुनाई। महिला उसके झांसे में आ गई और 15.59 लाख रुपये उसके बताये खातों में ट्रांसफर कर दिए। अब पुलिस उस ठग का पता लगाने में जुटी है।

ठगी का शिकार हुई महिला भारत की राजधानी दिल्ली की रहने वाली है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले साल 26 अप्रैल को एक मेट्रिमोनियल साइट पर उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी। उसने अपना नाम परमजीत सिंह बताया और दावा किया कि वह ब्रिटेन में रहने वाला एक नामी एनआरआई डॉक्टर है। दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होने लगी। फोन पर भी दोनों की बातचीत हुई। युवक ने महिला को ब्रिटेन में रहने और शानोशौकत से जिंदगी बिताने के सपने दिखाए। महिला उससे शादी करने के लिए तैयार हो गई।

महिला ने पुलिस को बताया कि परमजीत ने भारत आकर उससे शादी करने की बात कही। उसने कतर एयरवेज की फ्लाइट से लंदन से मुंबई के एक ई-टिकट की फोटो भी महिला को भेजी। कहा कि मुंबई से वह दिल्ली आएगा और शादी करेगा। फ्लाइट के दिन पर युवक ने महिला को फोन करके कहा कि वह मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंच गया है लेकिन एक मुसीबत में फंस गया है। कस्टम अधिकारियों ने उसे डिटेन कर लिया है और छोड़ने के लिए 15.59 लाख रुपये मांग रहे हैं। उसने एक व्यक्ति से महिला की बात भी कराई, जिसने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए परमजीत के अकाउंट में पैसे डालने को कहा।

परमजीत ने महिला को अलग-अलग बैंकों के कुछ खातों के नंबर दिए। महिला ने उनमें पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद युवक ने कहा कि वह दिल्ली आकर उससे मिलेगा लेकिन वह कभी नहीं आया। उसका फोन भी स्विच ऑफ हो गया। बाद में महिला को ठगे जाने का अहसास हुआ तो वह पुलिस के पास पहुंची और 31 जनवरी को एफआईआर दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला साइबर ठगी का शिकार हुई है। इस मामले में कुछ नाइजीरियाई छात्र शामिल हो सकते हैं। ये लोग मैट्रिमोनियल साइटों पर अपने अंतरराष्ट्रीय रोमिंग नंबर छोड़ देते हैं और ब्रिटेन में होने का नाटक करते हैं। लेकिन असल में वे दिल्ली या भारत के ही शहरों में रहते हैं और धोखाधड़ी करते हैं। उम्मीद है, हम जल्द ही इस मामले का खुलासा करेंगे।

Comments

Latest