Skip to content

न्यूयॉर्क के महावाणिज्य दूत अब भारत में होंगे विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता

G20 के संयुक्त सचिव नागराज नायडू काकनूर और मॉरीशस में उच्चायुक्त नंदिनी सिंगला को भी प्रवक्ता बनाए जाने पर विचार किया जा रहा था। साल के अंत तक रणधीर जयसवाल द्वारा इस पद को संभालने की उम्मीद है।

वर्तमान में न्यूयॉर्क के महावाणिज्य दूत रणधीर जयसवाल भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के अगले प्रवक्ता के तौर पर नियुक्त होने जा रहे हैं। इस पद पर फिलहाल अरिंदम बागची हैं, जिन्हें जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र (UN) में भारत का स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।

मिल रही जानकारी के अनुसार G20 के संयुक्त सचिव नागराज नायडू काकनूर और मॉरीशस में उच्चायुक्त नंदिनी सिंगला को भी प्रवक्ता बनाए जाने पर विचार किया जा रहा था। बता दें कि बागची फिलहाल प्रवक्ता के तौर पर बने रहेंगे। साल के अंत तक रणधीर जयसवाल द्वारा इस पद को संभालने की उम्मीद है।

उन्हें जुलाई 2020 में न्यूयॉर्क में महावाणिज्य दूत के वर्तमान पद पर नियुक्त किया गया था। Photo : X @IndiainNewYork

भारतीय विदेश सेवा के 1998 बैच के अधिकारी रणधीर जयसवाल दो दशकों से अधिक वक्त से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अपने राजनयिक करियर के दौरा पुर्तगाल, क्यूबा, दक्षिण अफ्रीका और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में काम किया है।

जयसवाल ने विदेश मंत्रालय में उप सचिव, अमेरिका के साथ संबंधों की देखरेख और पश्चिमी यूरोप के देशों के साथ संबंधों के प्रबंधन में संयुक्त सचिव के रूप में भी काम किया है। साल 2017 के मध्य में उन्हें अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिए जिम्मेदार संयुक्त सचिव के रूप में राष्ट्रपति की सेवा में प्रतिनियुक्त किया गया था।

उन्हें जुलाई 2020 में न्यूयॉर्क में महावाणिज्य दूत के वर्तमान पद पर नियुक्त किया गया था। जयसवाल जलवायु परिवर्तन सम्मेलनों में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का भी हिस्सा रहे हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातकोत्तर की डिग्री ली है।

Comments

Latest