भारत अपनी आजादी के 75 साल पूरे होने पर अमृत महोत्सव मना रहा है। आप्रवासी भारतीय चाहे दुनिया के जिस देश में हों, अपने-अपने अंदाज में इस महोत्सव को मना रहे हैं। पिछले दिनों रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भी दिशा संगठन के सहयोग से आजादी का अमृत महोत्सव मनाया और बाल कल्पनाओं को नई उड़ान भरने का मौका दिया।

सऊदी अरब के रियाद स्थित भारतीय दूतावास के बहुउद्देश्यीय सभागार रियाद डिप्लोमैटिक क्वार्टर में ‘बालभारती चित्रांजलि’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रियाद में भारतीय दूतावास मिशन के उप प्रमुख एन राम प्रसाद ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इसमें एलकेजी से दूसरी कक्षा तक के बच्चों के लिए रंग भरने और चित्रकारी की प्रतियोगिता आयोजित की गई। 108 बच्चों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। स्वच्छ भारत अभियान, आजादी का अमृत महोत्सव, मेक इन इंडिया आदि विषयों पर भारत की सांस्कृतिक विशिष्टता को दर्शाते हुए बच्चों ने अपनी कल्पनाओं में रंग भरे। इसके साथ-साथ क्ले मॉडलिंग में भी बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को विजयलक्ष्मी एन राम प्रसाद ने प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिशा सऊदी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कनकलाल केएम ने की। बाल भारती चित्रांजलि के समन्वयक निखिल कृष्णन ने अतिथियों का स्वागत किया। दिशा रियाद क्षेत्रीय समन्वयक राजेश मूलवीट्टिल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।