Skip to content

महावाणिज्य दूतावास के साथ मिलकर BJANA ने मनाई बुद्ध जयंती

कार्यक्रम में भारत के महावाणिज्यदूत रणधीर जायसवाल ने भी हिस्सा लिया। इस अवर पर जायसवाल ने बौद्ध अनुयायियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

BJANA के आयोजन में भारतीय समुदाय के लोग।

बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (BJANA) ने भारत के महावाणिज्य दूतावास के साथ मिलकर 6 मई को बुद्ध विहार, प्रिंसटन, न्यूजर्सी में बुद्ध जयंती मनाई। आयोजन में ईस्ट कोस्ट चैप्टर ऑफ बिहार फाउंडेशन की भागीदारी रही। बुद्ध जयंती गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान और उनके परिनिर्वाण की स्मृति में मनाई जाती है। कार्यक्रम में भारत, नेपाल, वियतनाम और श्रीलंका के वाणिज्य दूतावासों के गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों और भारतीय समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अमेरिका में BJANA समुदाय को बुद्ध के उपदेशों और आदर्शों के बारे में अपने संदेश में उल्लेख किया और कहा कि बुद्ध की शिक्षाएं हमें प्रबुद्ध करेंगी और सही मार्ग पर ले जाएंगी। अमेरिका में बिहार-झारखंड क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भाषा और परंपराओं को संरक्षित करने के लिए BJANA द्वारा किए जा रहे प्रयासों की नीतीश कुमार ने सराहना की है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उन्हे विश्वास है कि यह उत्सव हमें सभी मानव निर्मित विभाजनों से ऊपर उठने और दोनों देशों में शांति, खुशी और समृद्धि फैलाने में मदद करेगा।

कार्यक्रम में भारत के महावाणिज्यदूत रणधीर जायसवाल ने भी हिस्सा लिया। इस अवर पर जायसवाल ने बौद्ध अनुयायियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने आयोजन को सामूहिकता के साथ मनाने के वास्ते भारतीय, नेपाल, श्रीलंका और वियतनाम के लोगों का नेतृत्व करने के लिए BJANA और बिहार फाउंडेशन को बधाई दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि बुद्ध की शिक्षाएं हमें शांति और सद्भाव के मार्ग की ओर प्रेरित करती रहेंगी।

इस कार्यक्रम में नेपाल के महा-वाणिज्यदूत बिष्णु प्रसाद गौतम और वियतनाम के महावाणिज्यदूत दिन्ह फुओंग माई ने भी भाग लिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को बुद्ध के ज्ञान और शिक्षाओं के बारे में बताया जो जीवन में सुख और शांति ला सकती हैं। BJANA के अध्यक्ष अनुराग कुमार ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया और इस उत्सव का हिस्सा बनने के लिए सभी को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बुद्ध की मूर्ति की परिक्रमा और बच्चों द्वारा नृत्य और बुद्ध की शिक्षाओं के प्रदर्शन के साथ हुई।

FIA की ओर से FIA के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. अविनाश गुप्ता और FIA ट्रस्टी श्रुजल पारिख ने BJANA, भारतीय वाणिज्य दूतावास और बिहार फाउंडेशन को बुद्ध विहार के भव्य स्थान पर बुद्ध दिवस के आयोजन और सभी समुदायों को एक साथ लाने के लिए बधाई और धन्यवाद दिया। बिहार फाउंडेशन ईस्ट कोस्ट चैप्टर के अध्यक्ष आलोक कुमार ने अपने संदेश में बुद्ध के जीवन और उनकी शिक्षाओं के महत्व पर जोर दिया और आंतरिक शांति, दया और करुणा पर ध्यान केंद्रित किया।

BJANA के उपाध्यक्ष संजीव सिंह ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मदद करने वाले कार्यकारी दल, स्वयंसेवकों और समुदाय के सदस्यों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। श्री सिंह ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अमूल्य योगदान के लिए बिहार के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ और पटना के आयुक्त कुमार रवि को धन्यवाद दिया। #IndianDiaspora #Diaspora #Indian #NewIndiaAbroad #IndiaAbroad #BJANA #IndianCommunityAmerica

Comments

Latest