Skip to content

G20 बैठक के लिए भारत चले ब्लिंकन, रूसी विदेश मंत्री से होगी मुलाकात?

एंटनी 28 फरवरी से यात्रा पर निकलेंगे लेकिन 1 मार्च को वह भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंचेगे और जी20 की विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। खबर है कि इस बैठक में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी शामिल होंगे।

जयशंकर और एंटनी ब्लिंकन (फाइल फोटो)

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन अगले सप्ताह भारत की यात्रा पर आएंगे। वह भारत की अध्यक्षता में होने वाली जी20 की विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने जा रहे हैं। इस दौरान वह भारतीय अधिकारियों से दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी की पुष्टि करने पर चर्चा करेंगे। खबर है कि इस बैठक में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी शामिल होंगे। यह देखना दिलचस्प होगा कि ब्लिंकन रूसी विदेश मंत्री से मिलते हैं कि नहीं।

भारत में होने वाली विदेश मंत्रियों की बैठक में रूस के विदेश मंत्री के भी शामिल होने की चर्चा है। (फाइल फोटो)

भारत को पिछले साल 1 दिसंबर को अगले एक साल के लिए जी20 का अध्यक्ष बनाया गया है। वैसे तो एंटनी 28 फरवरी से यात्रा पर निकलेंगे लेकिन 1 मार्च को वह भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंचेंगे और जी20 के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। ब्लिंकन 3 मार्च तक भारत में रहेंगे।

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने बताया कि ब्लिंकन की यात्रा का केंद्रबिंदु बहुपक्षवाद को मजबूत करने, खाद्य व उर्जा सुरक्षा, सतत विकास, नशीले पदार्थों का मुकाबला करने, ग्लोबल हेल्थ, मानवीय सहायता और आपदा राहत पर सहयोग गहरा करने पर होगा। प्राइस ने कहा कि विदेश मंत्री हमारी मजबूत साझेदारी की पुष्टि करने के लिए भारत सरकार के अधिकारियों और नागरिक समाज से भी मिलेंगे।

ब्लिंकन 28 फरवरी को कजाकिस्तान के अस्ताना का दौरा करेंगे जहां वे द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे। वह मध्य एशियाई देशों की स्वतंत्रता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए पांच मध्य एशियाई राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ C5+1 मंत्रिस्तरीय बैठक में भी भाग लेंगे।

C5+1 मंत्रिस्तरीय वार्ता में कजाकिस्तान गणराज्य, किर्गिज गणराज्य, ताजिकिस्तान गणराज्य, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान गणराज्य देश आते हैं। इनके प्रतिनिधियों के साथ ब्लिंकन आर्थिक, ऊर्जा और पर्यावरण, और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। प्राइस ने बताया कि इसके बाद ब्लिंकन उज्बेकिस्तान के ताशकंद जाएंगे जहां अधिकारियों से द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

Comments

Latest