Skip to content

'उड़नखटोले' में बैठ देख सकेंगे राम की जन्मभूमि अयोध्या के खूबसूरत नजारे

अयोध्या को एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी मिलने वाला है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी साल तक वह तैयार हो जाएगा। इससे अयोध्या और आसपास के इलाकों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। अयोध्या से सटे बस्ती जिले के मखौदा धाम और अन्य दर्शनीय स्थलों तक कनेक्टिविटी-राइड की भी योजना है।

अयोध्या स्थित नवनिर्मित राम मंदिर (फाइल) (चित्र साभार : सोशल मीडिया)

भारत के उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या का महत्व पर्यटन के लिहाज से बढ़ता जा रहा है। भारत में यह स्थान राम जन्मभूमि के नाम से मशहूर है। यहां आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए स्थानीय सरकार रोमांचक सुविधाएं देने जा रही है। जल्द ही यहां हेलिकॉप्टर जॉयराइड की सुविधा मिलने वाली है। इसके बाद हेलिकॉप्टर की मदद से पर्यटक शहर के विहंगम दृश्य का आनंद ले सकेंगे।

जॉयराइड राइड करते सैलानी (सांकेतिक) (चित्र साभार : सोशल मीडिया)

रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड ने इस दिशा अपने कदम बढ़ा दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर हेलिकॉप्टर सेवाओं का संचालन करने वाली कंपनियों और एजेंसियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। राज्य के प्रमुख सचिव, पर्यटन मुकेश मेश्राम ने कहा कि लखनऊ के साथ-साथ अयोध्या में भी सरकारी हेलीपैड है। हवाई टैक्सी और हेलिकॉप्टर सर्विस देने वाले इच्छुक कारोबारियों से इस बारे में बात चल रही है।

आयोध्या में राममंदिर का एक दृश्य (चित्र साभार : सोशल मीडिया)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिसंबर 2022 में कहा था कि वर्ष 2024 तक अयोध्या का पर्यटन दस गुना बढ़ जाएगा। इसी लक्ष्य के तहत ये सभी प्रयास किए जा रहे हैं। अयोध्या को एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी मिलने वाला है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी साल तक वह तैयार हो जाएगा। इससे अयोध्या और आसपास के इलाकों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

मेश्राम ने आगे कहा कि तैयारी ऐसी चल रही है कि जॉयराइड का आनंद लेने के इच्छुक लोगों की जेब पर ज्यादा बोझ न बढ़े। अयोध्या से सटे बस्ती जिले के मखौदा धाम और अन्य दर्शनीय स्थलों तक कनेक्टिविटी-राइड की योजना बनाई जा सकती है। कहा जाता है कि मखौदा धाम वह स्थान है जहां भगवान राम के पिता राजा दशरथ ने पुत्रों की कामना के लिए यज्ञ किया था।

जॉयराइड के लिए लोगों को अपनी जेबें कितनी ढीली करनी पड़ सकती है, इस सवाल के जवाब में बताया गया है कि नौ मिनट के जॉयराइड का किराया 2500 रुपये प्रति यात्री तय करने का प्लान था। लेकिन अब सुविधा प्रदान करने वाली एजेंसियों के साथ मिल-बैठकर किराया तय किया जाएगा।

Comments

Latest