Skip to content

8 मार्च को पहली बार भारत की यात्रा पर होंगे ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी

होली के दिन यानी 8 मार्च को अल्बनीस अहमदाबाद पहुंचेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि अल्बनीस पीएम मोदी के साथ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोनों देशों का टैस्ट मैच भी देख सकते हैं।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस 8 से 11 मार्च के बीच भारत के राजकीय दौरे पर होंगे। होली के दिन यानी 8 मार्च को अल्बनीस अहमदाबाद पहुंचेंगे। इसके बाद वह 9 मार्च को मुंबई जाएंगे और अंत में भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंचेंगे।

भारत के विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर ऑस्ट्रेलिया के पीएम भारत के दौरे पर आ रहे हैं। अल्बनीस के साथ उनकी सरकार में व्यापार और पर्यटन मंत्री सीनेटर डॉन फैरेल और संसाधन मंत्री एच ई एमस मेडेलीन किंग एमपी भी होंगे। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों और उच्च-स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी साथ होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि अल्बनीस पीएम मोदी के साथ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोनों देशों का टैस्ट मैच भी देख सकते हैं।

10 मार्च को अल्बनीस दिल्ली में होंगे। यहां उनका राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अल्बनीस वार्षिक शिखर वार्ता करेंगे। इसमें भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों देश के प्रधानमंत्री बातचीत करेंगे।

प्रधानमंत्री अल्बनीस की मुलाकात भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी होगी। आपको बता दें कि दोनों देश के बीच बीते कुछ वर्षों में संबंध काफी गहरे हुए हैं। जून 2020 में रणनीतिक साझेदारी को दोनों देशों ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी के रूप में बदल दिया था। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री अल्बनीस की यात्रा से व्यापक सामरिक साझेदारी को और गति मिलने की उम्मीद है।

Comments

Latest