दुनिया के तमाम मसलों पर बेबाकी से भारत का पक्ष रखते हुए आपने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची जरूर देखा सुना होगा। भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी बागची को अब जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में भारत का स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। यह जानकारी सोमवार को विदेश मंत्रालय ने साझा किया है। वह जल्दी ही पदभार ग्रहण करेंगे।
Arindam Bagchi appointed India's Permanent Representative to UN in Geneva.#UnitedNations #Geneva #News pic.twitter.com/cd0KPWzyJZ
— Upsc Civil Services Exam (@UpscforAll) October 16, 2023
जिनेवा में बागची इंद्र मणि पांडे की जगह लेंगे, जिनके नई दिल्ली स्थित मुख्यालय लौटने की उम्मीद है। बागची ने मार्च 2021 में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के रूप में पदभार संभाला था और उन्होंने पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद, भारत की कोविड-19 प्रतिक्रिया और भारत की जी20 अध्यक्षता सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों और घटनाक्रम को अच्छे से संभाला है।
अरिंदम बागची को बहुपक्षीय कूटनीति में काफी अनुभव है। उन्होंने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में आर्थिक और विकास के मुद्दों को देखने और प्रधानमंत्री कार्यालय में निदेशक के रूप में काम किया है। संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका और रूस के साथ संबंधों को संभाला है। बागची क्रोएशिया में राजदूत और श्रीलंका में उप उच्चायुक्त के रूप में भी काम कर चुके हैं।
बताया गया है कि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पद के लिए संयुक्त सचिव (जी20) नागराज नायडू काकनूर और मॉरीशस में भारत की उच्चायुक्त के. नंदिनी सिंगला सहित करीब चार सीनियर राजनयिकों के नाम पर विचार किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक बागची को कुछ समय पहले अतिरिक्त सचिव के पद पर पदोन्नति के बाद राजदूत का पद दिया जाना था, लेकिन उन्हें जी-20 शिखर सम्मेलन के आयोजन तक पद पर बने रहने को कहा गया था।
काकानूर जी-20 शेरपा अमिताभ कांत के नेतृत्व वाली उस टीम का अहम हिस्सा थे, जो पिछले महीने जी-20 शिखर सम्मेलन में आम सहमति वाली घोषणा को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत में शामिल थी। अगले प्रवक्ता की नियुक्ति की प्रक्रिया में उन्हें प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।
आईएफएस के 1998 बैच के अधिकारी काकनूर धारा प्रवाह मंदारिन भाषा बोलने वाले हैं और उन्होंने चीन में चार अलग-अलग कार्यकाल के लिए काम किया है। 2000-03 और 2009-12 के दौरान बीजिंग में दूतावास में दो कार्यकाल के अलावा, उन्होंने 2003-06 के दौरान हांगकांग में वाणिज्य दूतावास में और 2013-15 के दौरान गुआंगज़ौ में वाणिज्य दूतावास में महावाणिज्य दूत के रूप में काम किया है।
आईएफएस 1997 बैच की नंदिनी सिंगला ने 2016-20 के दौरान पुर्तगाल में राजदूत के रूप में और 2015-16 के दौरान संयुक्त सचिव (यूरोप पश्चिम) के रूप में काम किया है। उन्होंने 2009-11 के दौरान जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र के स्थायी मिशन में भी काम किया और 2005-08 के दौरान बांग्लादेश में उच्चायोग में काम किया है। यदि नंदिनी को प्रवक्ता बनाया जाता है, तो वह निरुपमा राव के बाद पद संभालने वाली पहली महिला राजनयिक होंगी। राव ने 2001-02 के दौरान पद संभाला था विदेश सचिव बनी थीं।