Skip to content

सूडान में जारी हिंसा के बीच भारतीय दूतावास ने भारतीयों को दी यह सलाह

सूडान के अर्धसैनिक बल और सेना के बीच बढ़ते तनाव के बीच राजधानी खार्तूम के विभिन्न क्षेत्रों में विस्फोट और संघर्ष की सूचना मिल रही हैं। सूडान में भारतीयों की संख्या लगभग 4,000 है जिनमें 1200 ऐसे हैं जो दशकों पहले से सुडान में बसे हुए हैं।

Twitter : @mometov

सूडान की राजधानी खार्तूम में बड़े पैमाने पर हिंसा जारी है। इसे देखते हुए सूडान में भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक नई एडवाइजरी जारी की है और भारतीयों को अपने घरों से बाहर न निकलने और शांत रहने का आग्रह किया है। इससे पहले दूतावास ने रविवार को जानकारी साझा की थी कि खार्तूम में गोली लगने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है।

खार्तूम में हिंसा भड़कने के बाद मिशन ने अपनी दूसरी एडवाइजरी में कहा कि ताजा सूचनाओं के आधार पर ऐसा लगता है कि संघर्ष दूसरे दिन भी कम नहीं हुआ है। हम सभी भारतीयों से अनुरोध करते हैं कि वे जहां हैं वहीं रहें और बाहर न निकलें। भारतीय नागरिक की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को कहा कि खार्तूम की स्थिति बड़ी समस्याओं में से एक है और भारत ने सुडान के घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाई हुई है।

बता दें कि सूडान के अर्धसैनिक बल और सेना के बीच बढ़ते तनाव के बीच राजधानी खार्तूम के विभिन्न क्षेत्रों में विस्फोट और संघर्ष की सूचना मिल रही हैं। शनिवार को भारतीय दूतावास ने सूडान में भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और खार्तूम में बड़े पैमाने पर हिंसा को देखते हुए घर के अंदर रहने की सलाह दी थी।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार सूडान में भारतीयों की संख्या लगभग 4,000 है जिनमें 1200 ऐसे हैं जो दशकों पहले से सुडान में बसे हुए हैं। मालूम हो कि सूडान की सेना ने अक्टूबर 2021 में तख्तापलट करते हुए सत्ता पर कब्जा कर लिया था और तभी से सेना ही एक संप्रभु परिषद के माध्यम से देश चला रही है। लोकंतत्र की चुनी सरकार को सत्ता सौंपने की प्रस्तावित समय-सीमा को लेकर सेना और अर्द्धसैनिक बलों के बीच विवाद रहा है।

Comments

Latest