Skip to content

अमेरिका ने किया आगाह, ना'पाक' हरकत हुई तो मुंहतोड़ जवाब देगा भारत

अमेरिकी खुफिया विभाग ने एक रिपोर्ट जारी करके अमेरिकी प्रशासन को आगाह किया है कि अगर पाकिस्तान भारत को उकसाता है या उकसाने की कोशिश करता है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इसका जवाब सैन्य बल के साथ देगा।

पाकिस्तान पर भारत के कड़े रुख से अमेरिका एक बार फिर हैरान और परेशान दिखाई दे रहा है। अमेरिकी खुफिया विभाग ने एक रिपोर्ट जारी करके अमेरिकी प्रशासन को आगाह किया है कि अगर पाकिस्तान भारत को उकसाता है या उकसाने की कोशिश करता है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इसका जवाब सैन्य बल के साथ देगा।

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सख्त तेवरों से बाइडेन प्रशासन भी अवगत है। (फाइल सांकेतिक फोटो)

यह आकलन यूएस इंटेलिजेंस कम्युनिटी रिपोर्ट की वार्षिक रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मोदी के नेतृत्व में भारत की ओर से सैन्य कार्रवाई होने की संभावना पहले की तुलना में कहीं अधिक है। पाकिस्तान का भारत विरोधी आतंकवादी समूहों का समर्थन करने का लंबा इतिहास रहा है। कश्मीर में हिंसा और भारत में आतंकवादी हमले ऐसे पहलू हैं जिसके चलते दोनों देशों के बीच संघर्ष की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच आजादी के बाद से इस वक्त सबसे खराब संबंध हैं। सीमा पार आतंकवाद ने आग में घी डालने के काम किया है। साथ ही कश्मीर का मुद्दा हमेशा की तरह गले की हड्डी बना हुआ है। अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि दो परमाणु-सशस्त्र देशों के बीच बढ़ते आक्रोश के कारण अमेरिका का इस पर ध्यान देना ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है। हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत और पाक सरकार शांति बनाए रखने की इच्छुक हैं। 25 फरवरी 2021 को दोनों देश नियंत्रण रेखा पर नए सिरे से संघर्ष विराम लागू करने की घोषणा भी कर चुके हैं।

बता दें कि 18 सितंबर 2016 को उरी हमले के बाद दोनों देशों के संबंध और भी निचले स्तर पर चले गए हैं। भारी हथियारों से लैस चार आतंकवादियों ने नियंत्रण रेखा पार करके एक अस्थायी ईंधन डिपो पर ग्रेनेड से हमला किया था जिसमें सैकड़ों लीटर पेट्रोल, डीजल और मिट्टी का तेल था। इस आग में 14 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे जबकि भागने की कोशिश कर रहे चार पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार दिया गया था।

इसके बाद भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक करके उरी हमले का बदला लिया था। हमलों में कई आतंकवादी मारे गए थे। इसके बाद साल 2019 में भारतीय सेना पर एक और हमला किया गया जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 40 जवान शहीद हुए थे। यह हमला जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारतीय सुरक्षाकर्मियों को ले जा रहे वाहनों के काफिले पर किया गया था। इस हमले की पाकिस्तान स्थित इस्लामी आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद ने जिम्मेदारी ली थी।  इस हमले के बाद भारत ने पीओके में एयर स्ट्राइक की थी।

Comments

Latest