Skip to content

भारत में चीतों का कुनबा बढ़ा, अफ्रीका से लाकर 12 चीते एमपी में छोड़े गए

भारत में चीता को सात दशक पहले 1952 में विलुप्त घोषित कर दिया गया था। भारत सरकार ने इन्हें फिर से बसाने की योजना तैयार की है। इसी चीता प्रोजेक्ट के तहत पहले नामीबिया और अब दक्षिण अफ्रीका से चीते लाए गए हैं।

भारत में चीतों का कुनबा बढ़ गया है। मध्य प्रदेश राज्य अब 'चीता स्टेट' बन गया है। दरअसल दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीतों को शनिवार को मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ दिया गया है। कूनो में अब कुल 20 चीते हो गए है जिनमें 10 नर और 10 मादा हैं। इससे पहले 8 चीते पिछले साल नामीबिया से पहुंचाए गए थे।

भारत में चीता को सात दशक पहले 1952 में विलुप्त घोषित कर दिया गया था। भारत सरकार ने इन्हें फिर से बसाने की योजना तैयार की है। इसी चीता प्रोजेक्ट के तहत पहले नामीबिया और अब दक्षिण अफ्रीका से चीते लाए गए हैं। 7 नर और 5 मादा चीतों को लेकर आया भारतीय वायुसेना का विशेष विमान शनिवार सुबह ग्वालियर एयरबेस पहुंचा। वहां से इन्हें सेना के Mi-17 हेलिकॉप्टरों के जरिए कूनो नेशनल पार्क पहुंचाया गया।

राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भारत सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव व नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी में इन चीतों को बाड़े में छोड़ा गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कूनो में पर्यटकों की सुविधा के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। उनके रहने सहित तमाम व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जैसे ही अनुमति मिलेगी, आगे की कार्रवाई की जाएगी। सरकार के चीता प्रोजेक्ट के तहत सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

भारत के वन्यजीव संस्थान द्वारा तैयार ‘भारत में चीतों को फिर से बसाने की कार्ययोजना’ के तहत दक्षिण अफ्रीका से हर साल 10 से 12 चीते अगले 10 साल तक भारत पहुंचाए जाएंगे ताकि इनकी आबादी बढ़ सके। 12 चीतों को रखने के लिए 10 क्वारैंटाइन बाड़े तैयार किए गए हैं। इनमें 8 नए और 2 पुराने हैं। इसके अलावा दो आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किए गए हैं। अभी इस बाड़े में 12 चीते क्वारंटीन रहेंगे। करीब डेढ़ महीने बाद उन्हें बड़े बाड़े में छोड़ा जाएगा।

इससे पहले पिछले साल सितंबर महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए 8 चीतों के पहले जत्थे को बाड़ों में छोड़ा था। इनमें 5 मादा और 3 नर चीते थे। भारत के पर्यावरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने पिछले महीने संसद में बताया था कि कूनो में सभी 8 चीतों को बड़े परिसर में छोड़ दिया गया है। चीतों की सेहत संबंधी कोई जटिलता नहीं दिखी है।

Comments

Latest