टाइटैनिक के हीरो क्या आएंगे भारत? इस राज्य से इसलिए बुलावा आया है
भारत के राज्य असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को हॉलीवुड के मशहूर कलाकार लियोनार्डो डिकैप्रियो को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करने का निमंत्रण दिया है। यह उद्यान अपने एक सींग वाले गैंडों के लिए प्रसिद्ध है। दरअसल बीते दिनों टाइटैनिक, शटर आइलैंड और ब्लड डायमंड जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुके लियोनार्डो ने जानवरों के अवैध शिकार को रोकने के सफल प्रयासों के लिए असम सरकार की सराहना की थी।
Preserving wildlife is integral to our cultural identity.
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) February 9, 2023
We are dedicated to persevering and safeguarding our rich cultural heritage.
Thank you for your kind words, @LeoDiCaprio, and I extend a warm invitation to you to visit @kaziranga_ and Assam. pic.twitter.com/iYhkvbT3I3
एक इंस्टाग्राम पोस्ट में लियोनार्डो डिकैप्रियो ने लिखा था कि असम सरकार के 2021 में शुरू किए गए प्रयासों को अगले साल सफलता मिली। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में किसी भी गैंडे का शिकार नहीं किया गया। इसके बाद आज मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने एक ट्वीट किया और लिखा कि वन्यजीवों का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग है। हम अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने और उसकी रक्षा करने के लिए समर्पित हैं। आपके शब्दों के लिए धन्यवाद। मैं आपको @LeoDiCaprio को @kaziranga_and काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की यात्रा करने के लिए गर्मजोशी के साथ निमंत्रण देता हूं। बिस्वा ने डिकैप्रियो के इंस्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया।
बता दें कि अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में टाइटैनिक के मशहूर कलाकार ने यह भी लिखा था कि असम सरकार ने 2021 में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में बड़े एक सींग वाले गैंडों के अवैध शिकार को समाप्त करने के लिए अभियान चलाया था। 2000 और 2021 के बीच 190 गैंडों की हत्या कर दी गई थी। 2022 में बिस्वा ने अपना लक्ष्य पूरा किया और 1977 के बाद पहली बार इस क्षेत्र में किसी गैंडे का शिकार नहीं किया गया।
डिकैप्रियो ने यह भी उल्लेख किया कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान 2,200 गैंडों का घर है जो दुनिया के गैंडों की आबादी का लगभग एक-तिहाई है। विश्व वन्यजीव कोष की रिपोर्ट का हवाला देते हुए लियानार्डो ने कहा कि दुर्लभ गैंडों की वैश्विक आबादी लगभग 200 से बढ़कर लगभग 3,700 हो गई है।