मोदी की यात्रा से पहले क्या ऑस्ट्रेलिया बदलेगा सिडनी उपनगर का नाम?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने ऑस्ट्रेलिया की संभावित यात्रा पर जाने वाले हैं। इसे लेकर वहां के भारतीय समुदाय के लोग बेहद उत्साहित हैं। इस बीच खबर है कि पश्चिमी सिडनी के उपनगर में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग अपने क्षेत्र का नाम ‘लिटिल इंडिया’ रखना चाहते हैं। भारतीय समुदाय के लोग मोदी की यात्रा से पहले नाम बदलने की आधिकारिक घोषणा की मांग कर रहे हैं।

सिडनी में रहने वाले भारतीय समुदाय ने एक बार फिर से अपने शहर के उपनगर हैरिस पार्क का नाम 'लिटिल इंडिया' करने की मांग तेज कर दी है। हैरिस पार्क में भारतीय व्यवसायी रेस्तरां और दुकानों के समूह को 'लिटिल इंडिया' के रूप में पेश करते हैं। उनका मानना है कि आधिकारिक नाम रखे जाने पर पर्यटक आकर्षित होंगे। ये पूरा क्षेत्र भारतीय समुदायों से भरा हुआ है, लिहाजा इस क्षेत्र की पहचान ही भारतीयों की पहचान बन गई है।

लिटिल इंडिया हैरिस पार्क बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय देशवाल का कहना है कि इस संबंध में पहला प्रस्ताव 2015 में लाया गया था। उस समय भौगोलिक नाम बोर्ड ने पैरामैटा काउंसिल को इस शब्द का इस्तेमाल नहीं करने के लिए कहा था, क्योंकि इससे भ्रम की स्थिति पैदा होने की बात कही जा रही थी। काउंसिल ने पिछले हफ्ते विग्राम, मैरियन और स्टेशन मार्ग को शामिल करने वाले उपनगर के हिस्से में नाम लागू करने के लिए प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए मतदान किया था।

पैरामैटा काउंसलर पाल नोआक ने प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि हम सिंगापुर और दुनिया भर के अन्य स्थानों में लिटिल इंडिया की तर्ज पर इसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्य स्थल बनाना चाहते हैं। हैरिस पार्क के पूरे उपनगर का नाम बदलने के बजाय यह नाम केवल उस व्यापारिक क्षेत्र पर लागू होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रस्ताव उपनगर नाम हैरिस पार्क की जगह नहीं लेगा। तीन मुख्य सड़कों को एक सांस्कृतिक क्षेत्र के रूप में पहचान दी जाएगी। अभी तक लिटिल इंडिया नाम देने के लिए औपचारिक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

बताया गया है कि पीएम मोदी अगले महीने ऑस्ट्रेलिया क्वाड सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इस बैठक में अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडेन, जापान के पीएम फूमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज भी हिस्सा लेंगे।