100 देशों से भारतीयों को मिल रहे US वीजा, वेटिंग टाइम भी 60% कम हुआ

भारत से अमेरिका आने के इच्छुक लोगों के लिए वीजा इंटरव्यू का वेटिंग टाइम घटाने के लिए अमेरिकी सरकार ने कई प्रयास किए हैं। इनके सुखद नतीजे भी नजर आने लगे हैं। अमेरिकी वीजा सेवाओं के लिए उप सहायक मंत्री जूली स्टफ्ट ने कहा है कि इस साल अमेरिका के आगंतुक वीजा साक्षात्कार का प्रतीक्षा समय 60 प्रतिशत तक कम करने में कामयाबी मिली है। यह अमेरिका द्वारा उठाए गए कई कदमों के कारण संभव हो पाया है। फटाफट वीजा के लिए अधिकारियों की संख्या बढ़ाई गई है और अन्य राजनयिक मिशनों को भी इस काम में लगाया गया है।

वीजा के लिए अब पहले की तुलना में ज्यादा तेजी से काम हो रहा है। Photo by John McArthur / Unsplash

उप सहायक सचिव जूली स्टफ्ट ने एक साक्षात्कार में कहा कि विदेश विभाग का लक्ष्य इस वर्ष एक मिलियन यानी दस लाख वीजा जारी करने का है। कोविड महामारी से पहले जितने वीजा जारी किए जा रहे थे, उसकी तुलना में यह संख्या कहीं अधिक होगी। उन्होंने कहा, हमने भारत से वीजा प्रसंस्करण में लगे अधिकारियों की संख्या में वृद्धि की है। हमने बैंकॉक जैसे कई देशों के दूतावासों के जरिए अभूतपूर्व व्यवस्था की है। इसके अलावा हम हैदराबाद में एक नया वाणिज्य दूतावास भी खोल रहे हैं।

जूली ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाह रहे हैं कि भारतीयों का वीजा प्रतीक्षा समय कम हो सके और इसके लिए हम नियमित प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस काम के लिए हमने फ्रैंकफर्ट, लंदन और अबू धाबी से भी सहयोग लिया है। हम चाहते हैं कि विजिटर्स वीजा के लिए भारतीय आसानी से आवेदन कर सकें। इस समय 100 से अधिक अमेरिकी राजनयिक मिशन भारतीयों को वीजा जारी कर रहे हैं।

स्टफ्ट ने कहा कि वर्तमान में भारत में कोरोना महामारी से पहले की तुलना में 40 प्रतिशत अधिक अमेरिका वीजा जारी किए जा रहे हैं। इस साल फरवरी में अमेरिका ने भारत में सबसे अधिक ऑन-रिकॉर्ड वीजा बनाए थे।विदेश विभाग भारत मे वीजा प्रतीक्षा समय कम करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है।