विशेष सीरीज: अयोध्या की घटना से देश का सांप्रदायिक माहौल बिगड़ा
अयोध्या में विवादित स्थल पर हुए घटनाक्रम की खबर आग की तरह पूरे देश में फैल गयी। इसके बाद साम्प्रदायिक माहौल बिगड़ गया। जगह-जगह दंगा फसाद, लूटपाट, आगजनी और हिंसक घटनाएं होने लगीं। इस दंगा फसाद में तमाम लोगों की जाने भी चली गयीं। पूरा प्रदेश और देश साम्प्रदायिकता की आग में जलने लगा। भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, शिवसेना व अन्य दक्षिणपंथी विचारधारा वाले दलों से जुड़े लोग देश में जश्न मना रहे थे तो दूसरी ओर मुस्लिम समुदाय आक्रोश से भरा हुआ था। दोनों समुदायों के बीच बढ़ा वैमनस्य जगह-जगह हिंसा में तब्दील हो रहा था। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी भारत को अयोध्या में हुए इस अप्रत्याशित और अवांछनीय घटनाक्रम की वजह से काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी।